स्पोर्ट्स

Men's Hockey Asia Cup 2025: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया एशिया कप 2025 के शुभंकर और ट्रॉफी का अनावरण, ट्रॉफी गौरव यात्रा को भी दिखाई हरी झंडी

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना में अपने आधिकारिक निवास पर राजगीर में 29 अगस्त से 7 सितंबर के बीच आयोजित होने जा रहे हॉकी एशिया कप 2025 के शुभंकर और ट्रॉफी का अनावरण किया। साथ ही उन्होंने राज्य के हर जिले से होकर गुजरने वाली ट्रॉफी गौरव यात्रा को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

Image

पटना में एशिया कप 2025 के आधिकारिक शुभंकर और ट्रॉफी का भव्य अनावरण करने के बाद सीएम नीतीश कुमार

पटना: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 1 अणे मार्ग स्थित 'संकल्प' में आज हीरो एशिया कप 2025 के आधिकारिक शुभंकर 'चांद' और ट्रॉफी का भव्य अनावरण किया। यह प्रतिष्ठित पुरुष हॉकी टूर्नामेंट का 12वां संस्करण बिहार में पहली बार 29 अगस्त से 7 सितंबर 2025 तक राजगीर खेल परिसर के अत्याधुनिक अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में आयोजित होगा। मुख्यमंत्री ने 1 अणे मार्ग से ट्रॉफी गौरव यात्रा को भी हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया।

एशिया कप-2025 का बिहार में आयोजन है गर्व की बात

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में हीरो एशिया कप-2025 का आयोजन हम सभी के लिए गौरव की बात है। यह न केवल राज्य की अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर खेल आयोजन की क्षमता को प्रदर्शित करेगा बल्कि पर्यटन, कला और संस्कृति के क्षेत्र में भी बिहार की वैश्विक छवि को और सुदृढ़ करेगा। राजगीर खेल परिसर में विश्वस्तरीय हॉकी स्टेडियम बनाया गया है। राजगीर के इस खेल परिसर में राज्य सरकार ने कई प्रकार के खेलों के प्रशिक्षण एवं प्रतियोगिता आयोजन हेतु विश्वस्तरीय सुविधाएं विकसित की हैं। इस प्रतियोगिता में भाग लेनेवाले देशों के खिलाड़ियों को मैं बधाई एवं शुभकामनायें देता हूं।

क्या है शुभंकर का मतलब, किसे है समर्पित

ज्ञातव्य है कि हीरो एशिया कप 2025 का आधिकारिक शुभंकर 'चांद' साहस, स्फूर्ति और कौशल से परिपूर्ण भारत के राष्ट्रीय पशु बाघ का प्रतीक है। इसका लाल लबादा शक्ति और उत्साह को दर्शाता है, जबकि जादूगर की टोपी हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की असाधारण प्रतिभा को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करती है। 'चांद' का नाम मेजर ध्यानचंद से प्रेरित है,जिन्होंने चांदनी रातों में अभ्यास कर हॉकी में इतिहास रचा। यह शुभंकर बिहार के वाल्मीकि टाइगर रिज़र्व के गौरवशाली बाघ से भी प्रेरणा लेता है, जो शक्ति, चपलता और आत्मविश्वास का प्रतीक है। हॉकी स्टिक थामे और लक्ष्य पर केंद्रित 'चांद' अनुशासन, समर्पण और जीत के जुनून को दर्शाता है। इसकी टोपी खेल की जादुई कला और बाघ का रूप साहस व निर्भीकता का प्रतीक है। इसके सीने पर 'पद्म भूषण' मेजर ध्यानचंद के योगदान को सम्मान देता है। 'चांद' सिर्फ एक शुभंकर नहीं बल्कि हॉकी के जज्बे, बिहार के गौरव और खेल की भावना का प्रबल प्रतीक है। यह टूर्नामेंट 29 अगस्त (राष्ट्रीय खेल दिवस और मेजर ध्यानचंद की जयंती) को शुरू होगा, जो हॉकी को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।

ये टीमें ले रही हैं एशिया कप में भाग

बिहार में पहली बार आयोजित हीरो एशिया कप 2025 टूर्नामेंट में भारत, चीन, जापान, चीनी ताइपे, मलेशिया, दक्षिण कोरिया, ओमान और बांग्लादेश की टीमें हिस्सा लेंगी। हीरो एशिया कप का विजेता हॉकी विश्व कप के लिए सीधे क्वालीफाई करेगा। दक्षिण कोरिया ने अब तक सर्वाधिक 5 खिताब जीते हैं, जबकि भारत और पाकिस्तान तीन-तीन बार चैंपियन रह चुके हैं।

बिहार के हर जिले से होकर गुजरेगी गौरव यात्रा

हॉकी के जुनून को जन-जन तक पहुंचाने के लिए 17 अगस्त से शुरू होने वाली ट्रॉफी गौरव यात्रा बिहार के सभी जिलों के साथ-साथ चेन्नई, चंडीगढ़ (पंजाब, हरियाणा), दिल्ली, ओडिशा, असम और झारखंड राज्यों से होकर गुजरेगी। इस यात्रा का उद्देश्य युवाओं में हॉकी के प्रति रुचि जगाना, खेल संस्कृति को बढ़ावा देना और इस ऐतिहासिक आयोजन में जनभागीदारी सुनिश्चित करना है।

श्रीजेश ने कहा, बिहार खेलों के मामले में कर रहा है तरक्की

हॉकी इंडिया के गोलकीपर पीआर श्रीजेश ने कार्यक्रम के दौरान कहा कि बिहार के लोगों का हॉकी के प्रति गहरा लगाव है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में खेल के क्षेत्र में भी बिहार काफी प्रगति कर रहा है। बिहार में बेहतर ढंग से आयोजित की गयी खेल प्रतियोगिताओं की देश-विदेश में चर्चा हो रही है। राजगीर में बना खेल स्टेडियम अत्याधुनिक सुविधाओं से लैश है। खेल स्टेडियम के पास ही खिलाड़ियों के लिये बने हॉस्टल में सारी सुविधायें हैं, जिससे खिलाड़ियों को काफी सुविधा होती है। बिहार आकर काफी अच्छा लग रहा है। हॉकी इंडिया के अध्यक्ष भोला नाथ सिंह ने मुख्यमंत्री को हॉकी इंडिया की तरफ से मोमेंटो तथा इंडियन हॉकी टीम के पूर्व गोलकीपर श्रीजेश ने हीरो एशिया कप-2025 के शुभंकर का प्रतीक चिह्न भेंट किया। कार्यक्रम के दौरान बिहार के राजगीर में आयोजित होने वाले हीरो एशिया कप- 2025 से संबंधित एक लघु फिल्म प्रस्तुत की गयी।

कई बड़े मंत्री और अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, खेल मंत्री सुरेन्द्र मेहता, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, विकास आयुक्त प्रत्यय अमृत, सामान्य प्रशासन तथा खेल विभाग के अपर मुख्य सचिव बी राजेंदर, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक श्री रवीन्द्रण शंकरण, खेल विभाग के निदेशक महेन्द्र कुमार, हॉकी इंडिया के अध्यक्ष भोला नाथ सिंह सहित खेल विभाग के अन्य वरीय अधिकारी एवं ओलंपिक खिलाड़ी उपस्थित थे।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article