Asian Games 2026: भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ (NRAI) ने गुरुवार को एशियाई खेलों के लिए 30 सदस्यों की भारतीय निशानेबाजी टीम का ऐलान कर दिया। ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर टीम में शामिल हैं और वह दो स्पर्धाओं में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। मनु भाकर 10 मीटर एयर पिस्टल और 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में निशाना लगाएंगी। वह ट्रायल में 10 मीटर एयर पिस्टल में सातवें नंबर पर रही थीं, लेकिन उनके पुराने प्रदर्शन को देखते हुए टीम में जगह दी गई है। 25 मीटर पिस्टल ट्रायल में वह दूसरे स्थान पर रही थीं और इसी आधार पर उनका चयन पक्का हुआ। पुरुषों के 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल में सिर्फ अनीश भानवाला को टीम में चुना गया है। महासंघ ने साफ किया कि सिर्फ कोटा पूरा करने के लिए खिलाड़ी नहीं चुने जाएंगे। केवल पदक जीत सकने वाले निशानेबाजों को ही मौका दिया गया है।
19 सितंबर से शुरू होंगे एशियाई खेल
एशियाई खेल 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक जापान के आइची-नागोया में होंगे। NRAI ने कहा कि सभी चुने गए खिलाड़ी खेल मंत्रालय के कड़े नियमों पर खरे उतरे हैं। आयोजकों की ओर से तय सीमा के कारण टीम में 15 पुरुष और 15 महिला, कुल 30 खिलाड़ियों को ही जगह मिली है। खेल मंत्रालय का साफ निर्देश है कि सिर्फ पदक की उम्मीद वाले खिलाड़ियों को ही भेजा जाए। मनु के अलावा विदर्सा के विनोद महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल और 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशंस में खेलेंगी। पूर्व विश्व चैंपियन रुद्रांक्ष पाटिल पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल और 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशंस में उतरेंगे। एशा सिंह महिला 10 मीटर एयर पिस्टल और 25 मीटर पिस्टल में हिस्सा लेंगी। टीम का चयन 8 जून को देहरादून में हुई चयन समिति की बैठक में किया गया।
पूरी टीम इस तरह है:
राइफल पुरुष:
10 मीटर एयर राइफल: पार्थ राकेश माने, हिमांशु ढिल्लों, रुद्रांक्ष पाटिल
50 मीटर थ्री पोजिशंस: ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, नीरज कुमार, रुद्रांक्ष पाटिल
राइफल महिला:
10 मीटर एयर राइफल: इलावेनिल वालारिवान, सोनम उत्तम मसकर, विदर्सा के विनोद
50 मीटर थ्री पोजिशंस: आशी चौकसी, विदर्सा के विनोद, तिलोत्तमा सेन
10 मीटर मिक्स्ड टीम: पार्थ प्रकाश माने, इलावेनिल वालारिवन
पिस्टल पुरुष:
10 मीटर एयर पिस्टल: केदारलिंग बी उचागांवे, गौरव, कमलजीत
25 मीटर रैपिड फायर: अनीश भानवाला
पिस्टल महिला:
10 मीटर एयर पिस्टल: सुरूचि, एशा सिंह, मनु भाकर
25 मीटर स्पोर्ट्स पिस्टल: एशा सिंह, मनु भाकर, राही सरनोबत
10 मीटर मिक्स्ड टीम: केदारलिंग बी उचागांवे, सुरूचि
शॉटगन पुरुष:
ट्रैप: कीनान चेनाइ, अनवर रिजवी, शपथ भारद्वाज
स्कीट: अनंतजीत सिंह नरूका, भावतेग सिंह गिल, मैराज अहमद खान
शॉटगन महिला:
ट्रैप: नीरू, मनीषा कीर, आशिमा अहलावत
स्कीट: परिनाज धालीवाल, रेइजा ढिल्लों, माहेश्वरी चौहान
