'मैंने कोरोना का इलाज करा रहे अपने 5 वर्षीय बेटे को तकिया से मार डाला', फुटबॉलर का सनसनीखेज कबूलनामा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 14, 2020, 06:02 PM IST

Turkish footballer kills son: तुर्की के एक फुटबॉलर ने सनसनीखेज कबूलनामा दर्ज कराते हुए अपने 5 वर्षीय बेटे का कत्ल करना स्वीकार किया है। बाद में बेटा कोरोना निगेटिव निकला था।

'मैंने कोरोना का इलाज करा रहे अपने 5 वर्षीय बेटे को तकिया से मार डाला', फुटबॉलर का सनसनीखेज कबूलनामा
Photo Credit: Facebook

अंकारा: कोरोना वायरस ने पूरी दुनिया को अपनी गिरफ्त में लिया हुआ है। इस दौरान ज्यादातर देश लॉकडाउन में हैं। इस दौरान बेशक कई देशों में क्राइम रेट कम हुआ होगा लेकिन तुर्की में एक ऐसा भयानक मामला सामने आया है जिसने पूरी दुनिया और खासतौर पर फुटबॉल जगत को हैरान कर दिया है। एक शीर्ष फुटबॉलर ने अपने पांच वर्षीय बेटे को मार दिया जो कोरोना संक्रमण का इलाज करा रहा था।

तुर्की के अधिकारियों ने पूर्व शीर्ष फुटबॉलर केवहेर टोकटास को गिरफ्तार किया है जिसने कोरोना वायरस संक्रमण का इलाज करा रहे अपने पांच वर्षीय बेटे की हत्या की है और उसने अपने इस जुर्म को स्वीकार भी कर लिया है। टोकटास ने खुद को पुलिस के हवाले किया। उसने कबूल किया कि उसने चार मई को अपने बेटे की गला घोंटकर हत्या कर दी थी।

बच्चा कोरोना जांच में निगेटिव पाया गया। फुटबॉलर ने कहा कि उसने बच्चे को इसलिये मारा क्योंकि वो उससे प्यार नहीं करता था। बच्चे को खांसी और बुखार की शिकायत पर 23 अप्रैल को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वो अपने पिता के साथ पृथकवास (Quarantine) में था।

डॉक्टरों को कमरे में बुलाया था

खबरों के मुताबिक केवहेर ने डॉक्टरों को अपने बेटे के कमरे में बुलाया और कहा था कि उसे सांस लेने में दिक्कत हो रही है। तुरंत डॉक्टरों ने बच्चे को आईसीयू में शिफ्ट किया जहां उसकी मौत हो गई। उस समय बता दिया गया कि बच्चे की मौत कोरोना संक्रमण के कारण हुई है। हालांकि बाद में उसके पिता ने स्वीकार करते हुए बताया कि उसने अपने बेटे का मुंह तकिया से दबाकर मार डाला।

ये है टोकटास का भयानक आधिकारिक कबूलनामा

पूर्व शीर्ष फुटबॉलर टोकटास ने यहां के कार्सी पुलिस स्टेशन में सरेंडर करने के साथ ही अपना कबूलनामा लिखकर दिया। इसमें लिखा था, 'मेरा बेटा जब उल्टा होकर लेटा था, मैंने तकिये से उसको दबा दिया। मैंने 15 मिनट तक तकिये को दबाकर रखा। उस दौरान मेरा बेटा तड़प रहा था। जब उसने हिलना बंद कर दिया, मैंने तकिया उठा लिया। फिर मैंने चिल्लाकर डॉक्टरों को बुलाया ताकि मुझ पर शक ना जाए। मैंने अपने छोटे बेटे को उसके जन्म के बाद से कभी प्यार नहीं किया। मुझे नहीं पता कि मुझे उससे प्यार क्यों नहीं है। मैंने उसको सिर्फ इसलिए मारा क्योंकि मुझे वो पसंद नहीं था। मेरी मानसिक स्थिति खराब नहीं है।'

फेसबुक पर बेटे की कब्र की फोटो साझा की

अपना जुर्म स्वीकार करने से कुछ दिन पहले टोकटास ने अपने बेटे की कब्र की एक तस्वीर भी फेसबुक पर शेयर की थी जिसमें लिखा था- 'दुनिया पर भरोसा मत करो।' टोकटास तुर्की के रीजनल एमेचर फुटबॉल लीग में बुर्सा क्लब के लिए सेंटर बैक के रूप में खेलता था। उससे पहले भी वो तुर्की के कई बड़े-छोटे फुटबॉल क्लबों से खेल चुका है।

End of Article