मोबाइल रिचार्ज कराने वालों के लिए काम की खबर है। अगर आप हर महीने रिचार्ज कराने से पहले अलग-अलग प्लान खोजते-खोजते परेशान हो जाते हैं तो अब ऐसा नहीं चलेगा। भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (TRAI) ने टेलीकॉम कंपनियों को साफ-साफ कह दिया है कि TRAI के जरूरी रिचार्ज प्लान और खास टैरिफ वाउचर ग्राहकों को आसानी से दिखने चाहिए। कंपनियां इन्हें वेबसाइट या ऐप में कहीं अंदर दबाकर नहीं रख सकतीं।
ग्राहकों ने की शिकायत, तब खुली कंपनियों की पोल
PTI/भाषा के मुताबिक दरअसल, TRAI को ग्राहकों की तरफ से शिकायतें मिल रही थीं कि जरूरी रिचार्ज प्लान और वाउचर आसानी से दिखाई ही नहीं देते। इसके बाद नियामक ने टेलीकॉम कंपनियों की वेबसाइट और मोबाइल ऐप की जांच की। जांच में पता चला कि कई जगह ऐसे प्लान को इस तरह रखा गया था कि ग्राहक को उन्हें ढूंढने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ती थी।
कहीं प्लान अलग-अलग कैटेगरी में दबे थे तो कहीं ग्राहक को कई पेज और स्क्रीन पार करने के बाद ये विकल्प मिल रहे थे। यानी जिस प्लान की जानकारी सीधे मिलनी चाहिए, उसके लिए ग्राहक को ऐप में खोजी अभियान चलाना पड़ रहा था।
अब वेबसाइट और ऐप में अलग से दिखाना होगा
TRAI ने अब कंपनियों की इस मनमानी पर लगाम कस दी है। नए आदेश के मुताबिक हर टेलीकॉम कंपनी को अपनी वेबसाइट, मोबाइल ऐप और विशेष बिक्री केंद्रों पर एक अलग और साफ दिखाई देने वाला सेक्शन बनाना होगा। इस सेक्शन का नाम 'TRAI-अनिवार्य पैक्स' रखना होगा। इसमें TRAI की ओर से अनिवार्य किए गए अलग-अलग तरह के वाउचर और प्लान साफ तौर पर दिखाई देने चाहिए। कंपनियों को आदेश जारी होने की तारीख से 30 दिन के भीतर इसका पालन करना होगा।
सिर्फ डेटा वाला रिचार्ज ही नहीं, कॉल-SMS वाले प्लान भी
TRAI ने हाल ही में कंपनियों को ऐसे विशेष टैरिफ वाउचर उपलब्ध कराने को भी कहा था, जिनमें सिर्फ वॉयस कॉल और SMS की सुविधा हो। यानी अगर किसी ग्राहक को इंटरनेट डेटा की जरूरत नहीं है तो उसे जबरन डेटा वाला महंगा पैक लेने की जरूरत नहीं होगी। ये वाउचर खास तौर पर उन ग्राहकों के काम आ सकते हैं जिन्हें मोबाइल पर मुख्य रूप से कॉलिंग और SMS की जरूरत होती है। ऐसे ग्राहकों को अपनी जरूरत के हिसाब से अलग विकल्प मिल सकेगा।
30 दिन की वैलिडिटी वाला प्लान भी जरूरी
TRAI ने कंपनियों के लिए कुछ खास वाउचर उपलब्ध कराना भी अनिवार्य किया है। हर टेलीकॉम कंपनी को कम से कम एक प्लान वाउचर, एक विशेष टैरिफ वाउचर और एक कॉम्बो वाउचर 30 दिन की वैधता के साथ उपलब्ध कराना होगा। अब मामला सिर्फ प्लान उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है। TRAI ने कंपनियों को यह भी साफ कर दिया है कि ये प्लान ग्राहक को आसानी से नजर आने और आसानी से मिलने चाहिए।
ग्राहक को फायदा क्या होगा?
सीधी बात है, अगर आपको सिर्फ कॉलिंग चाहिए, सिर्फ SMS चाहिए या किसी खास तरह का रिचार्ज करना है तो आपको ऐप के अंदर प्लान ढूंढने के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। TRAI के मुताबिक, इन जरूरी वाउचर को आसानी से उपलब्ध कराने का मकसद ग्राहकों को अपनी जरूरत के हिसाब से सही विकल्प चुनने में मदद करना है। यानी टेलीकॉम कंपनियों के ऐप में अब 'कहां छिपा है प्लान?' वाला खेल ज्यादा नहीं चलने वाला। जरूरी प्लान सामने दिखाना होगा, ताकि ग्राहक अपनी जरूरत और बजट के हिसाब से रिचार्ज चुन सके।
