US Open 2022: राफेल नडाल के 22 मैचों के विजय अभियान पर लगी रोक, फ्रांसेस टियाफो ने दी करारी मात

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 6, 2022, 07:17 PM IST

Rafael Nadal defeat in US Open: राफेल नडाल के ग्रैंड स्‍लैम में लगातार 22 मैचों के विजयी अभियान पर रोक लग गई है। उन्‍हें फ्रांसेस टियाफो ने चौथे दौर के मुकाबले में कड़े संघर्ष के बाद शिकस्‍त दी। टियाफो ने क्‍वार्टर फाइनल में जगह बनाई।

US Open 2022: राफेल नडाल के 22 मैचों के विजय अभियान पर लगी रोक, फ्रांसेस टियाफो ने दी करारी मात
Photo Credit: AP

न्यूयॉर्क: फ्रांसेस टियाफो ने राफेल नडाल का ग्रैंड स्लैम प्रतियोगिताओं में पिछले 22 मैचों से चला आ रहा विजय अभियान थाम कर पहली बार अमेरिकी ओपन टेनिस टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। टियाफो ने आर्थर ऐस स्टेडियम में खेले गए चौथे दौर के मुकाबले में नडाल को 6-4, 4-6, 6-4, 6-3 से हराया। टियाफो इस जीत से अभिभूत थे। उन्होंने कहा, 'मुझे ऐसा लग रहा था जैसे दुनिया थम गई है। एक मिनट के लिए मैंने कुछ नहीं सुना।'

टियाफो अभी 24 वर्ष के हैं और उन्हें अमेरिकी ओपन में 22वीं वरीयता दी गई है। वह एंडी रोडिक (2006) के बाद इस प्रतियोगिता के क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाले सबसे कम उम्र के अमेरिकी खिलाड़ी हैं। टियाफो का सामना अब आंद्रे रुबलेव से होगा, जिन्होंने सातवीं वरीयता प्राप्त कैमरन नोरी को 6-4, 6-4, 6-4 से हराया।

नडाल ने इस साल जनवरी में ऑस्ट्रेलियाई ओपन और जून में फ्रेंच ओपन का खिताब जीता था। इसके बाद उन्होंने जुलाई में विंबलडन के सेमीफाइनल में जगह बनाई थी लेकिन पेट की मांसपेशियों में खिंचाव के कारण वह टूर्नामेंट से हट गए थे। अमेरिकी ओपन में चार बार के चैंपियन नडाल इसके बाद केवल एक टूर्नामेंट में खेल पाए थे।

यह अमेरिकी ओपन में 2000 के बाद पहला अवसर होगा जबकि वरीयता क्रम में शीर्ष के दो खिलाड़ी क्वार्टर फाइनल में नहीं पहुंचे हैं। इससे पहले निक किर्गियोस ने शीर्ष वरीयता प्राप्त दानिल मेदवेदेव को हरा दिया था। इस बीच एक अन्य मैच में 11वीं वरीयता प्राप्त यानिक सिनर ने पांच सेट तक चले मुकाबले में इल्या इवाश्का को 6-1, 5-7, 6-2, 4-6, 6-3 से हराया।

महिला वर्ग में शीर्ष वरीयता प्राप्त इगा स्वियातेक ने पहला सेट गंवाने के बाद शानदार वापसी करके जूल नेमीयर को 2-6, 6-4, 6-0 से हराया। वह पहली बार फ्लशिंग मीडोज में क्वार्टर फाइनल में पहुंची हैं। स्वियातेक का सामना अब आठवीं वरीयता प्राप्त जेसिका पेगुला से होगा जिन्होंने दो बार की विंबलडन चैंपियन पेत्रा क्वीतोवा को आसानी से 6-3, 6-2 से पराजित किया। महिला वर्ग में एक अन्य क्वार्टर फाइनल करोलिना प्लिस्कोवा और छठी वरीयता प्राप्त आर्यना सबलेंका के बीच खेला जाएगा।

End of Article