कोरोना वायरस ने ली पूर्व भारतीय फुटबॉलर हमजा कोया की जान

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 6, 2020, 05:06 PM IST

Coronavirus: हमजा कोया 61 वर्ष के थे और मुंबई में बस गये थे। वह संतोष ट्रॉफी में महाराष्ट्र राज्य के लिये खेलते थे और मशहूर क्लब मोहन बागान और मोहम्मडन स्पोर्ट्स क्लब के लिये भी खेले थे।

कोरोना वायरस ने ली पूर्व भारतीय फुटबॉलर हमजा कोया की जान

मल्लापुरम (केरल): पूर्व संतोष ट्रॉफी फुटबॉलर ई हमजा कोया की शनिवार को यहां एक अस्पताल में कोविड-19 वायरस से मौत हो गयी, जिससे इस संक्रमण से राज्य में मरने वालों संख्या 15 तक पहुंच गयी। पाराप्पानांगडी के निवासी हमजा कोया 61 वर्ष के थे और मुंबई में बस गये थे। वह संतोष ट्रॉफी में महाराष्ट्र राज्य के लिये खेलते थे और मशहूर क्लब मोहन बागान और मोहम्मडन स्पोर्ट्स क्लब के लिये भी खेले थे। वह नेहरू ट्रॉफी में राष्ट्रीय टीम के लिये भी खेले थे।

वह और उनका परिवार 21 मई को अपने गृहनगर आया था और तब से पृथकवास में थे। उनके परिवार के पांच सदस्यों को भी कोरोना वायरस पॉजिटिव पाया गया और उनका उपचार चल रहा है। मल्लापुरम जिला चिकित्सा अधिकारी डा के सकीना ने कहा कि हमजा कोया के पत्नी और बेटे में सबसे पहले कोविड-19 के लक्षण दिखायी दिये थे और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।

उन्होंने कहा कि हमजा कोया को सभी संभव मेडिकल उपचार दिया गया लेकिन आज सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली। डॉ सकीना ने कहा, 'उनकी पत्नी और बेटे सबसे पहले संक्रमित मिले। जिसके बाद हमजा कोया भी पॉजिटिव पाये गये और उनका उपचार चल रहा था। उनके बेटे की पत्नी और उसके दोनों बच्चे भी पॉजिटिव आये हैं।'

End of Article