माटेओ बेरेटिनी विंबलडन 2022 से हुए बाहर, मैच से पहले पाए गए कोरोना पॉजिटिव

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 28, 2022, 07:00 PM IST

Matteo Berrettini pulls out of Wimbledon 2022: टेनिस खिलाड़ी माटेओ बेरेटिनी विंबलडन 2022 से बाहर हो गए हैं। वह कोरोना वायरस की चपेट में आ गए हैं।

माटेओ बेरेटिनी विंबलडन 2022 से हुए बाहर, मैच से पहले पाए गए कोरोना पॉजिटिव

लंदन: इटली के माटेओ बेरेटिनी मंगलवार को कोरोना संक्रमित होने के बाद विंबलडन 2022 से हट गए। पिछली बार के विंबलडन में उपविजेता रहे बेरेटिनी सोमवार को क्रोएशिया के मारिन सिलिक के बाद कोरोनो वायरस के कारण इस साल के ग्रासकोर्ट ग्रैंड स्लैम से हटने वाले दूसरे खिलाड़ी बन गए।

चिली के क्रिस्टियन गारिन के खिलाफ अपने पहले दौर के मैच से कुछ घंटे पहले बेरेटिनी ने इंस्टाग्राम पर लिखा, "मुझे यह घोषणा करते हुए दुख हो रहा है कि मैं कोरोना पॉजिटिव होने के कारण विंबलडन से नाम वापस ले रहा हूं।"

उन्होंने कहा, "मुझे फ्लू के लक्षण हैं और मैं पिछले कुछ दिनों से अलग-थलग हूं। लक्षण गंभीर नहीं होने के बावजूद, मैंने फैसला किया कि मेरे साथी प्रतियोगियों और टूर्नामेंट में शामिल सभी लोगों के स्वास्थ्य और सुरक्षा की रक्षा के लिए टूर्नामेंट को अलविदा कह दूं।'' 

हाल ही में स्टटगार्ट और क्वीन्स क्लब में ग्रास पर लगातार खिताब जीतने वाले 26 वर्षीय इतालवी को इस साल के टूर्नामेंट जीतने के लिए एक प्रमुख दावेदार के रूप में देखा जा रहा था।

बेरेटिनी ने आगे कहा, "मुझे जो अत्यधिक निराशा महसूस हो रही है उसका वर्णन करने के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं। इस साल मैं अपना सपना पूरा नहीं कर सकता, लेकिन मैं मजबूत होकर वापस लौटूंगा।" अब पुरुषों के ड्रॉ में उनकी जगह स्वीडन के लकी लूजर एलियास यमेर लेंगे।

End of Article