क्रिकेट

आयरलैंड की ओर्ला प्रेंडरगास्ट ने रचा इतिहास, WPL में हिस्सा लेने वाली बनीं पहली आयरिश क्रिकेटर

आयरलैंड की ओर्ला प्रेंडरगास्ट महिला प्रीमियर लीग के ऑक्शन में बिकने वाली पहली आयरिश खिलाड़ी बनीं। प्रेंडरगास्ट को गुजरात जायंट्स ने 30 लाख रुपये में खरीदा। आयरलैंड की अहम ऑलराउंडरों में से एक प्रेंडरगास्ट के लिए T20I में यह साल काफी शानदार रहा है।

Image

ओर्ला प्रेंडरगास्ट ने रचा इतिहास। फोटो- BCCI

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। कोच्चि में बुधवार को हुए महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2027 के ऑक्शन में आयरलैंड की ऑलराउंडर ओर्ला प्रेंडरगास्ट ने इतिहास रच दिया। वह WPL में शामिल होने वाली आयरलैंड की पहली खिलाड़ी बन गईं। गुजरात जायंट्स ने उन्हें ₹30 लाख में अपनी टीम में शामिल किया। उनके इस चयन से आयरलैंड की महिला क्रिकेट को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने की नई उम्मीद दी है।

आयरलैंड की अहम ऑलराउंडरों में से एक प्रेंडरगास्ट के लिए T20I में यह साल काफी शानदार रहा है। उन्होंने 15 मैचों में 35 की औसत और 128.89 के स्ट्राइक रेट से 455 रन बनाए हैं। साथ ही उन्होंने इन मैचों में 15 विकेट भी लिए हैं। 1 जून 2002 को आयरलैंड की राजधानी डबलिन में जन्मीं ओर्ला प्रेंडरगास्ट एक ऑलराउंडर हैं। वह दाएं हाथ से बल्लेबाजी करती हैं और दाएं हाथ से मीडियम फास्ट गेंदबाजी भी करती हैं।

कोच ने की तारीफ

जायंट्स के कोच माइकल क्लिंगर ने जियोहॉटस्टार (JioHotstar) ब्रॉडकास्ट पर कहा, मुझे इस साल 'द हंड्रेड' टूर्नामेंट में 'वेल्श फायर' टीम के साथ उनके (प्रेंडरगास्ट) साथ काम करने का मौका मिला, जो मेरे लिए सौभाग्य की बात थी। वह आयरलैंड की एक प्रमुख खिलाड़ी हैं, उनमें नेतृत्व के अच्छे गुण हैं और टीम के साथ उनका तालमेल बहुत बढ़िया रहता है।

उन्होंने आगे कहा, वह हमारी टीम को काफी विविधता (versatility) दे सकती हैं। अगर कोई खिलाड़ी चोटिल हो जाता है या हमें किसी और विदेशी मीडियम-पेस विकल्प की जरूरत पड़ती है, तो वह टॉप 6 या 7 में बल्लेबाजी कर सकती हैं। वह एक वर्ल्ड-क्लास ऑलराउंडर हैं, इसलिए उन्हें टीम में शामिल करना बहुत अच्छा रहेगा।

वेस्टइंडीज के खिलाफ खेली यादगार पारी

इस साल की शुरुआत में प्रेंडरगास्ट ने 44 गेंद पर 63 रनों की शानदार पारी खेली थी। उनकी इस पारी की मदद से आयरलैंड ने वेस्टइंडीज को 6 विकेट से हराकर T20 वर्ल्ड कप के पांच संस्करणों और 22 कोशिशों के बाद अपनी पहली जीत दर्ज की थी।

WPL के नियमों के अनुसार, 'एसोसिएट नेशन' (Associate Nation) की खिलाड़ियों के लिए एक अलग पांचवां विदेशी स्लॉट होता है, लेकिन प्रेंडरगास्ट को जायंट्स की प्लेइंग XI में मौजूद चार विदेशी स्लॉट में से एक के लिए प्रतिस्पर्धा करनी होगी।

रयान टेन डोशेट ने रचा था इतिहास

बता दें कि आईपीएल (IPL) में खेलने वाले पहले एसोसिएट देश के खिलाड़ी रयान टेन डोशेट (Ryan ten Doeschate) हैं। साल 2011 में इस नीदरलैंड्स के पूर्व खिलाड़ी को कोलकाता नाइट राइडर्स ने अपने साथ जोड़ा था। वह गौतम गंभीर की कप्तानी में साल 2015 तक केकेआर का हिस्सा रहे।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article