Prayagraj News: प्रयागराज से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए नोटों के तीन ड्रम बरामद किए गए हैं। इन ड्रमों में 500 रुपये के नोटों की गड्डियां भरी हुई थी। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर यह बड़ी कार्रवाई करते हुए नकदी को अपने कब्जे में ले लिया है। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, बरामद की गई कुल रकम 8 से 10 करोड़ रुपये के आसपास हो सकती है।
पांच मीटर खुदाई के बाद मिले तीन ड्रम
जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला नवाबगंज थाना क्षेत्र के बरईपुर रामनगर गांव का है। पुलिस को एक मकान के अंदर भारी मात्रा में नकदी छिपाकर रखे जाने की पुख्ता सूचना मिली थी। इसके आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर मकान के अंदर खुदाई शुरू कराई। करीब 5 मीटर तक खुदाई करने पर काले रंग की पन्नी में लिपटे तीन ड्रम मिले, जिनके अंदर 500-500 रुपये के नोटों की गड्डियां भरी हुई थीं। पुलिस ने मौके से नकदी को जब्त कर सील कर दिया है और संबंधित जांच एजेंसियों को इसकी सूचना दे दी है।
पुणे से गांव लौटे परिवार पर जांच का फोकस
शुरुआती जानकारी के अनुसार, जिस मकान में यह नकदी दबी हुई मिली थी, वहां यादव परिवार रहता है। परिवार के सदस्य राकेश यादव और राजेश यादव पहले पुणे में नौकरी करते थे और साल 2020 में गांव लौट आए थे। गांव लौटने के बाद उन्होंने जमीन और नए ट्रैक्टर खरीदे थे। हाल ही में गांव में हुए एक विवाद के दौरान इस परिवार के पास भारी मात्रा में कैश होने की बात सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की। हालांकि, बरामद रकम के मालिकाना हक और उसके स्रोत को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ
इस मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में काला धन या नकदी कहां से आई और इसका मुख्य स्रोत क्या है। फिलहाल, सुरक्षा के मद्देनजर उस मकान को पूरी तरह सील कर दिया गया है और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
