स्पोर्ट्स

French Open 2026: अलेक्जेंडर ज्वेरेव बने फ्रेंच ओपन चैंपियन, करियर में पहली बार जीता ग्रैंड स्लैम खिताब

जर्मनी के स्टार टेनिस खिलाड़ी अलेक्जेंडर ज्वेरेव ने फ्रेंच ओपन टेनिस के फाइनल में फ्लावियो कोबोली हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। ज्वेरेव करियर में पहली बार ग्रैंडस्लैम खिताब जीतने में सफल हुए हैं।

Image

अलेक्जेंडर ज्वेरेव

Photo : AP

पेरिस: जर्मनी के स्टार टेनिस खिलाड़ी अलेक्जेंडर ज्वेरेव ने फ्रेंच ओपन टेनिस के फाइनल में फ्लावियो कोबोली हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। पांच सेट तक चले मुकाबले में उन्होंने फ्लावियो को 6-1, 4-6, 6-4, 6-7, 6-1 के अंतर से मात दी और पहली बार किसी ग्रैंड स्लैम खिताब पर कब्जा किया। इस खिताबी जीत के साथ ही ज्वेरेव ओपन इरा में फ्रेंच ओपन का खिताब जीतने वाले जर्मनी के पहले पुरुष खिलाड़ी बन गए हैं। वर्ल्ड रैंकिंग में तीसरे पायदान पर काबिज ज्वेरेव इससे पहले वो साल 2020 में यूएस ओपन और साल 2025 में ऑस्ट्रेलियन ओपन के फाइनल में पहुंचे थे लेकिन खिताब जीतने में नाकाम रहे थे। 29 वर्षीय ज्वरेव आखिरकार इस बार खिताब अपने नाम करने में सफल रहे।

अपने चौथे ग्रैंड स्लैम फाइनल में उतरे ज्वेरेव ने चार घंटे से अधिक समय तक चले रोमांचक मुकाबले में जीत दर्ज की। कोबोली ने दूसरे चैम्पियनशिप प्वाइंट पर एक आसान स्मैश नेट के बाहर मार दिया जिससे मैच का अंत हुआ। इसके बाद ज्वेरेव भावुक हो गए और लाल मिट्टी पर पीठ के बल लेटकर अपनी आंखों को हाथों से ढंक लिया। कुछ देर बाद उन्होंने दोनों हाथ उठाकर जीत का जश्न मनाया। इस जीत के साथ 29 वर्षीय ज्वेरेव उन चुनिंदा खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो गए जिन्होंने अपने चौथे ग्रैंड स्लैम फाइनल में पहला मेजर खिताब जीता। इस सूची में आंद्रे अगासी, गोरान इवानिसेविच और डोमिनिक थीम जैसे दिग्गज शामिल हैं।

टूर्नामेंट के दौरान परिस्थितियां ज्वेरेव के पक्ष में रहीं। शीर्ष वरीयता प्राप्त यानिक सिनर दूसरे दौर में बाहर हो गए थे, जबकि 24 बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन नोवाक जोकोविच भी शुरुआती दौर में हारकर टूर्नामेंट से विदा हो गए। दो बार के मौजूदा चैंपियन कार्लोस अल्काराज दाहिनी कलाई की चोट के कारण प्रतियोगिता शुरू होने से पहले ही हट गए थे। ऐसे में ज्वेरेव को खिताब का सबसे बड़ा दावेदार माना जा रहा था और उन्होंने इस मौके को संघर्ष के बाद भुना लिया।

विश्व रैंकिंग में 14वें स्थान पर काबिज कोबोली ने इससे पहले कभी किसी ग्रैंड स्लैम के क्वार्टर फाइनल से आगे का सफर तय नहीं किया था। वह 1976 में एड्रियानो पनाटा के बाद रोलां गैरो में पुरुष एकल खिताब जीतने वाले इटली के पहले खिलाड़ी बनने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन उनका सपना अधूरा रह गया। ज्वेरेव ने मुकाबले की शुरुआत से ही दबदबा बनाया और पहला सेट आसानी से जीत लिया। कोबोली ने इसके बाद शानदार वापसी करते हुए दूसरा और चौथा सेट जीतकर मुकाबले को पांचवें सेट तक खींच दिया। चौथे सेट के टाईब्रेकर में ज्वेरेव 3-1 की बढ़त गंवा बैठे थे।

निर्णायक सेट में हालांकि कोबोली की ऊर्जा जवाब दे गई और ज्वेरेव ने लगातार आक्रामक खेल दिखाते हुए बढ़त बनाई। उन्होंने 3-0 की बढ़त हासिल करने के बाद पीछे मुड़कर नहीं देखा और अंततः अपने करियर का 25वां एटीपी खिताब तथा पहला ग्रैंड स्लैम ट्रॉफी अपने नाम कर ली।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article