भारतीय मेंस हॉकी टीम ने श्रीलंका को हराकर एशियन गेम्स में जीत का सिलसिला बरकरार रखा। पूल ए के अपने दूसरे मुकाबले में भारत ने श्रीलंका को 17-1 के बड़े अंतर से हरा दिया। यह एशियन गेम्स में भारत की लगातार दूसरी जीत है। इससे पहल भारत ने इंडोनेशिया को 13-1 से हराया था। भारत ने पहले ही क्वार्टर में 3-0 से बढ़त बनाकर जीत की नींव रख दी। भारत की ओर से पहलो गोल 5वें मिनट में मंदीप सिंह ने किया। जुगराज (10वें, 22वें, 42वें और 53वें मिनट) ने चार गोल किए जबकि अभिषेक (11वें, 17वें, 49वें मिनट) और दिलप्रीत (30वें, 38वें, 55वें मिनट) ने तीन-तीन मैदानी गोल किए। कप्तान हरमनप्रीत सिंह (16वें, 45वें मिनट), मनदीप सिंह (5वें मिनट), सुखजीत सिंह (29वें मिनट), मनप्रीत सिंह (31वें मिनट) और विवेक सागर प्रसाद (36वें मिनट) ने भी गोल किए।
श्रीलंका का एकमात्र गोल सुरेश रत्नायके ने 50वें मिनट में किया जो एशियाई खेलों के इतिहास में भारत के खिलाफ उनका पहला गोल था। भारत अब अगले मुकाबले में बृहस्पतिवार को दक्षिण कोरिया से खेलेगा। उम्मीद के मुताबिक भारतीय टीम शुरुआत से ही हावी रही और उसने कमजोर मानी जा रही श्रीलंकाई टीम के खिलाफ खेल पर अपना दबदबा बनाए रखा।
भारत को पहला गोल करने के लिए पांच मिनट लगे जब मनदीप ने अभिषेक की मदद से गोल किया। इसके लगभग पांच मिनट बाद जुगराज ने जबरदस्त ड्रैग-फ्लिक के जरिए गोल करके भारत की बढ़त को दोगुना कर दिया। एक मिनट बाद अभिषेक ने शानदार मैदानी गोल करके स्कोरशीट में अपना नाम दर्ज कराया।
कप्तान हरमनप्रीत भी पीछे नहीं रहे और उन्होंने 16वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदला। अभिषेक ने एक मिनट बाद एक और मैदानी गोल करके दिन का अपना दूसरा गोल किया।
जुगराज ने ड्रैग-फ्लिकर के तौर पर अपना दबदबा बनाते हुए 22वें मिनट में एक और पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर भारत को 6-0 से आगे कर दिया।
सुखजीत ने भी स्कोरशीट में अपना नाम दर्ज कराया, उन्होंने पेनल्टी कॉर्नर से शुरुआती कोशिश के नाकाम रहने के बाद उप-कप्तान हार्दिक सिंह से मिले पास पर गोल कर दिया। दिलप्रीत ने मनदीप के पास को चालाकी से डिफ्लेक्ट करके पहले हाफ तक भारत का स्कोर 8-0 कर दिया।
दूसरे हाफ के एक मिनट बाद मनप्रीत ने एक और बेहरतीन मैदानी गोल कर स्कोर में इजाफा किया। इसके पांच मिनट बाद विवेक ने रिवर्स शॉट से गोल किया और फिर दिलप्रीत ने सुखजीत के साथ शानदार तालमेल से श्रीलंकाई डिफेंस को भेदते हुए दिन का अपना दूसरा गोल किया। जुगराज ने पेनल्टी स्ट्रोक को बखूबी गोल में बदलकर अपनी हैट्रिक पूरी की और हरमनप्रीत ने तीसरे क्वार्टर के आखिर में एक और पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर 13-0 कर दिया।
अभिषेक ने जल्द ही ’बैक ऑफ द स्टिक’ से शानदार गोल करके अपनी हैट्रिक पूरी की। इसके बाद श्रीलंका ने रत्नायके के जरिए भारत के खिलाफ एशियाई खेलों के इतिहास में अपना पहला गोल किया। जुगराज ने पेनल्टी स्पॉट से अपना चौथा गोल किया और फिर मनदीप से मिले बेहतरीन पास पर दिलप्रीत ने एशियाई खेलों में अपनी दूसरी हैट्रिक पूरी की।
