IND vs PAK Asian Doubles Squash: भारत की शीर्ष वरीयता प्राप्त जोड़ी अभय सिंह और वेलवन सेंथिलकुमार ने मलेशिया के सारावाक में कमाल कर दिया। इस जोड़ी ने एशियाई युगल स्क्वाश चैंपियनशिप में लगातार तीसरी बार पुरुष युगल का खिताब जीतकर महाद्वीपीय स्तर पर अपना दबदबा साबित कर दिया। रविवार को खेले गए फाइनल में अभय-वेलवन ने एक गेम से पिछड़ने के बाद जबरदस्त वापसी की। उन्होंने पाकिस्तान की दूसरी वरीय जोड़ी नासिर इकबाल और नूर जमां को 47 मिनट तक चले मुकाबले में 7-11, 11-7, 11-2 से हराया।
पहला गेम हारने के बाद जीता मुकाबला
पहला गेम 7-11 से गंवाने के बाद भारतीय जोड़ी ने रणनीति बदली। दूसरे गेम में 11-7 से जीत दर्ज कर मैच बराबर किया, फिर तीसरे और निर्णायक गेम में पाकिस्तान को कोई मौका नहीं दिया। सिर्फ 2 अंक देकर 11-2 से गेम और मैच अपने नाम किया। दिलचस्प है कि पिछले साल भी फाइनल में इन्हीं दोनों जोड़ियों का सामना हुआ था और तब भी जीत भारत के नाम रही थी। इस जीत के साथ अभय और वेलवन ने एक अनोखा रिकॉर्ड बना दिया। एशियाई युगल स्क्वाश चैंपियनशिप के अब तक तीन संस्करण हुए हैं और तीनों में पुरुष युगल का खिताब इसी जोड़ी ने जीता है। यानी खिताबी हैट्रिक पूरी हो गई। दोनों खिलाड़ियों की कोर्ट पर समझ और तालमेल दुनिया के लिए मिसाल बन रहा है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- भारतीय लड़कियों ने रचा इतिहास, न्यूजीलैंड को हराकर महिला हॉकी टीम बनी FIH नेशंस कप चैंपियन
जोशना चिनप्पा ने भी जीता पदक
भारत का जलवा सिर्फ पुरुष युगल तक सीमित नहीं रहा। अनुभवी जोशना चिनप्पा की मौजूदगी में भारत ने दो अन्य वर्ग में भी पदक जीते। जोशना और रथीका सीलन की दूसरी वरीय महिला युगल जोड़ी ने सेमीफाइनल तक का सफर तय कर कांस्य पदक हासिल किया। वहीं मिश्रित युगल में जोशना ने वेलवन के साथ मिलकर कांस्य पदक देश की झोली में डाला। भारत की दूसरी महिला युगल जोड़ी जेनेट विधि और पूजा आरती छठे स्थान पर रहीं। लगातार तीन साल से एशिया में भारतीय स्क्वाश का डंका बज रहा है। अभय और वेलवन की यह जीत आने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स और एशियन गेम्स के लिए बड़ा संकेत है। कोच और स्क्वाश रैकेट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया ने भी टीम को बधाई दी है। भारत अब युगल स्क्वाश में एशिया की सबसे मजबूत ताकत बनकर उभरा है।
