Sri Ram Navami 2024 Date, Time, Puja Muhurat in India: श्री राम, भगवान विष्णु के सातवें अवतार माने जाते हैं। मान्यताओं अनुसार भगवान राम का जन्म चैत्र शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को हुआ था। इसलिए ही इस शुभ दिन पर हर साल राम नवमी का त्योहार मनाया जाता है। जो इस साल 17 अप्रैल को मनाया जाएगा। इस दिन भक्तगण रामायण का पाठ करते हैं और कई जगह भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाता है। यहां जानिए राम नवमी पूजा का शुभ मुहूर्त और महत्व।
राम नवमी कब है 2024 (Ram Navami 2024 Start And End Date)
राम नवमी तिथि 16 अप्रैल 2024 की दोपहर 1 बजकर 23 मिनट से शुरू होगी और इसकी समाप्ति 17 अप्रैल को 3 बजकर 14 मिनट पर होगी। उदया तिथि के अनुसार राम नवमी 17 अप्रैल को ही मनाई जाएगी। जबकि राम नवमी मध्याह्न का क्षण दोपहर 12 बजकर 21 मिनट का है।

ayodhya ram mandir photo
राम नवमी पूजा मुहूर्त 2024 (Ram Navami Puja Muhurat 2024)
2024 में राम नवमी पूजा का शुभ मुहूर्त 17 अप्रैल की सुबह 11 बजकर 3 मिनट से दोपहर 1 बजकर 38 मिनट तक रहेगा। इस मुहूर्त में आप कभी भी श्री राम जी की पूजा कर सकते हैं।
भगवान राम का जन्म समय (Lord Rama Birth Time)
मान्यताओं अनुसार भगवान राम का जन्म चैत्र शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को मध्याह्न काल में हुआ था। हिंदू काल गणना के अनुसार ये दिन का मध्य समय होता है। इसलिए ही राम नवमी पूजा अनुष्ठान के लिए मध्याह्न का समय सबसे शुभ होता है। मध्याह्न के मध्य का समय भगवान राम के जन्म के क्षण को दर्शाता है। इसलिए ही मन्दिरों में इस समय भगवान श्री राम की विधि विधान पूजा-अर्चना की जाती है। इस दौरान भगवान श्री राम के नाम का जाप करना अत्यंत फलदायी साबित होता है।

Lord Rama Photo
अयोध्या में राम नवमी (Ayodhya Ram Navami Celebration)
अयोध्या भगवान श्री राम का जन्मस्थान है इसलिए यहां राम नवमी त्योहार का उत्सव देखने लायक होता है। राम नवमी के अवसर पर अयोध्या में श्रद्धालुओं का तांता लग जाता है। भक्त सरयू नदी में पवित्र स्नान करने के बाद श्री राम जी के जन्मोत्सव में भाग लेने के लिए राम मन्दिर जाते हैं। इस साल राम नवमी के दिन अयोध्या राम मंदिर में रामलला की प्रतिमा का सूर्य अभिषेक किया जाएगा।
