Don't Cut Nails At Night: कुछ लोगों को बड़े-बड़े नाखून रखने का शौक होता है और कुछ लोग नाखून थोड़ा सा बढ़ने पर ही काटना शुरू कर देते हैं। अक्सर नाखून काटते समय आपके घर में बड़े बुजुर्गों ने यह कहते हुए टोका जरूर होगा कि रात के समय नाखून मत काटो। उनका कहना हम मान लेते हैं और नाखून नहीं काटते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं इसके पीछे क्या कारण है? वास्तु शास्त्र के अनुसार रात के समय नाखून काटने से घर में दरिद्र आता है व धन की हानि होती है। घर में जमा पूंजी नष्ट होने लगती है। इस मान्यता को सच मानकर कई लोग इसका पालन करते हैं, लेकिन वास्तव में हर मान्यता के पीछे कोई ना कोई वैज्ञानिक तथ्य छिपा होता है। जिन पर अक्सर लोग ध्यान नहीं देते। आइए जानते हैं आखिर क्यों रात में नाखून नहीं काटना चाहिए।
रात को नाखून काटना है अशुभ
शास्त्रों के अनुसार रात के समय नाखून काटना शुभ नहीं माना जाता है। दरअसल इसका एक मुख्य कारण है कि पहले के जमाने में रात के समय घर में रोशनी की अच्छी व्यवस्था नहीं होती थी। इस वजह से हमारे पूर्वजों और शास्त्रों ने इस बात पर जोर दिया कि रात के समय नाखून न काटें और ऐसा करना दुर्भाग्य का कारण बन सकता है। वैसे इसका कोई धार्मिक तर्क नहीं है लेकिन शायद यह हमारी सुविधा को ध्यान में रखते हुए कहा गया था। पुराने समय में घरों में बिजली की सही व्यवस्था नहीं होती थी और सूर्य की रोशनी में ही सारे काम करने पड़ते थे। इसलिए पहले के लोग रात के अंधेरे में नाखून काटने से मना किया करते थे जिससे कि हमारे हाथों को किसी भी प्रकार की हानि ना हो।
लक्ष्मी नाराज हो जाती है
वहीं कुछ लोग इसके पीछे एक धार्मिक कारण को भी मानते हैं। हिंदू मान्यताओं के अनुसार, शाम के समय देवी लक्ष्मी का घर में प्रवेश होता है। ऐसा माना जाता है कि वह समृद्धि और धन के साथ आशीर्वाद देने के लिए रात में घर पर रहती है इसलिए यह सलाह दी जाती है कि रात में नाखून और बाल नहीं काटने चाहिए इससे मां लक्ष्मी नाराज हो जाती है।
(डिस्क्लेमर : यह पाठ्य सामग्री आम धारणाओं और इंटरनेट पर मौजूद सामग्री के आधार पर लिखी गई है। टाइम्स नाउ नवभारत इसकी पुष्टि नहीं करता है।)

