Sawan 2022: सावन माह में शिवलिंग पर चढ़ाएं शमी पत्र, भोलेनाथ होंगे प्रसन्न

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 9, 2022, 06:22 AM IST

Sawan 2022 Shivling Puja: सावन में पूरे महीने शिवलिंग की पूजा की जाती है। शिवलिंग पर जलाभिषेक करने के बाद भांग, धतूरा और बेलपत्र जैसी कई चीजें अर्पित की जाती है। लेकिन सावन में शिवलिंग पर शमी पत्र जरूर चढ़ाना चाहिए। इससे भगवान शिव प्रसन्न होकर आशीर्वाद देते हैं।

Sawan 2022: सावन माह में शिवलिंग पर चढ़ाएं शमी पत्र, भोलेनाथ होंगे प्रसन्न

Sawan Shami Patra on Shivling Puja: सावन माह हिंदू धर्म का सबसे पवित्र महीना माना जाता है। यह माह भगवान शिव को अतिप्रिय होता है और इस पूरे महीने शिवजी की विशेष पूजा-आराधना की जाती है। सावन शिवजी का प्रिय माह होता है इसलिए इस माह शिवजी को पूजा में उनकी प्रिय चीजें अर्पित की जाती है। शिवलिंग की पूजा करते हुए भांग, धतूरा और बेल पत्र जैसी चीजें चढ़ाने का विधान है। शिवजी को शमी पत्र अत्यंत प्रिय होता है। इसलिए सावन में शिवलिंग की पूजा करते समय शमी पत्र चढ़ाना बेहद शुभ माना गया है। इससे भगवान शिव प्रसन्न होते हैं और भक्तों को आशीर्वाद देते हैं। जानते हैं सावन मे शिवजी को शमी पत्र चढ़ाने का महत्व और इसके नियम के बारे में।

शिवलिंग पर शमी पत्र चढ़ाने का महत्व और मंत्र

सावन महीने में शिवलिंग पर शमी पत्र चढ़ाकर पूजा करना फलदायी होता है। इससे जीवन में सुख-समृद्धि आती है और भगवान शिव आपकी हर मनोकामना पूरी करते हैं। सावन माह में शिवलिंग पर जल या दूध से अभिषेक करने के बाद भांग, धतूरा, फूल और बेलपत्र के साथ शमी पत्र भी जरूर चढ़ाएं। शिवलिंग पर शमी पत्र चढ़ाते समय 'अमंगलानां च शमनीं शमनीं दुष्कृतस्य च। दु:स्वप्रनाशिनीं धन्यां प्रपद्येहं शमीं शुभाम्।।' मंत्र का जाप जरूर करें।

शमी पत्र चढ़ाते समय दिशा का रखें ध्यान

शिवलिंग की पूजा करते समय नियमों का विशेष पालन करना चाहिए तभी पूजा का फल प्राप्त होता है और शिवजी प्रसन्न होते है। शिवलिंग पर शमी पत्र चढ़ाते समय इस बात का ध्यान रखें कि शिवमंदिर में आप पूर्व या उत्तर दिशा की ओर ही मुख करके बैठें और इसके बाद शिवलिंग की पूजा करें। सावन में सोमवार के दिन शिवलिंग पर शमी पत्र चढ़ाना उत्तम होता है।  

सावन में लगाएं शमी का पौधा

सावन माह में शमी पत्र से शिवजी की पूजा करने के साथ ही घर पर भी शमी का पौधा लगाना बेहद शुभ माना जाता है। इससे देवी-देवता की कृपा प्राप्त होती है और घर पर सुख-समृद्धि का वास होता है। मान्यता है कि जिस घर पर शमी का पौधा होता है वहां शनि का प्रकोप नहीं पड़ता। शमी का पौधा घर के उत्तर-पूर्व की ओर लगाना चाहिए और इसकी नियमित पूजा करनी चाहिए। शमी पेड़ के नीचे सरसों तेल का दीप जलाने से महादेव की कृपा प्राप्त होती है।

(डिस्क्लेमर : यह पाठ्य सामग्री आम धारणाओं और इंटरनेट पर मौजूद सामग्री के आधार पर लिखी गई है। टाइम्स नाउ नवभारत इसकी पुष्टि नहीं करता है।)

End of Article