Janmashtami 2022: जन्माष्टमी पर घर ले आएं ये 5 चीजें, बरसेगी भगवान श्रीकृष्ण की कृपा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 10, 2022, 07:31 PM IST

Janmashtami 2022 Shopping: जन्माष्टमी का त्योहार बाल गोपाल श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के रूप में मनाया जाता है। इस बार जन्माष्टमी 18 अगस्त 2022 को है। जन्माष्टमी के दिन भगवान कृष्ण से जुड़ी कुछ चीजों की खरीदारी करना बेहद शुभ माना जाता है। इससे घर पर सुख-समृद्धि आती है।

Janmashtami 2022: जन्माष्टमी पर घर ले आएं ये 5 चीजें, बरसेगी भगवान श्रीकृष्ण की कृपा

Krishna Janmashtami 2022 Shopping: जन्माष्टमी का त्योहार हर साल भाद्रपद माह के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को मनाया जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार इसी दिन रोहिणी नक्षत्र में श्रीकृष्ण का जन्म हुआ था। इसलिए इसे कृष्ण जन्माष्टमी कहा जाता है। इस साल जन्माष्टमी का त्योहार गुरुवार 18 अगस्त 2022 को मनाया जाएगा। जन्माष्टमी के दिन श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप की पूजा की जाती है और व्रत रखा जाता है। जन्माष्टमी का त्योहार उत्सव के रूप में भी मनाया जाता है। इस दिन मंदिरों में बड़े पैमाने पर पूजा का आयोजन किया जाता है और रात्रि जागरण भी होते हैं। जन्माष्टमी के दिन श्रीकृष्ण का आशीर्वाद प्राप्त करने और घर पर सुख-समृद्धि बनाए रखने के लिए श्रीकृष्ण से जुड़ी पांच चीजों की खरीदारी जरूर करनी चाहिए। जन्माष्टमी के दिन इन चीजों को घर लाने से बरकत बनी रहती है।

जन्माष्टमी के दिन जरूर खरीदें ये 5 चीजें

मोरपंख- भगवान श्रीकृष्ण को मोर पंख अतिप्रिय है। कृष्ण अपने मुकुट पर हमेशा मोर पंख लगाते थे। वास्तु के अनुसार मोरपंख सकारात्मक ऊर्जा को अपनी और आकर्षित करता है और इससे वास्तु दोष दूर होते हैं। मान्यता है कि जन्माष्टमी के दिन मोरपंख घर पर लाने से गृहक्लेश नहीं होते और कालसर्प दोष से भी मुक्ति मिलती है।

बांसुरी- बांसुरी भगवान श्रीकृष्ण के प्रिय चीजों में एक है। बांसुरी से प्रेम होने के कारण ही श्रीकृष्ण का एक नाम बंशीधर भी है। बांसुरी के बिना कृष्ण की कल्पना भी नहीं की जा सकती। जन्माष्टमी के दिन आप लकड़ी या चांदी की छोटी सी बांसुरी जरूर खरीदें। इसे पूजा में श्रीकृष्ण को जरुर चढ़ाएं और इसके बाद बांसुरी को धन के स्थान या फिर तिजोरी में रख दें। इससे घर पर बरकत बनी रहती है।

गाय-बछड़ा- भगवान श्रीकृष्ण को गाय से बेहद लगाव था। श्रीकृष्ण की कई तस्वीरों में वे गाय के पास खड़े होकर बांसुरी बजाते हुए नजर आते हैं। ज्योतिष के अनुसार गाय के भीतर गुरु ग्रह का वास होता है। जन्माष्टमी के दिन गाय और बछड़े की छोटी-सी प्रतिमा खरीदनीा चाहिए। इसे घर के मंदिर या कमरे के ईशान कोण में रखें। इससे भाग्य में वृद्धि होती है और संतान की भी प्राप्ति होती है।

वैजयंती माला- भगवान श्रीकृष्ण हमेशा ही वैजयंती माला धारण किए हुए होते हैं। जन्माष्टमी के दिन वैजयंती माला घर लाने से आर्थिक स्थिति मजबूत होती है। माना जाता है कि वैजयंती माला में माता लक्ष्मी का वास होता है।

माखन- श्रीकृष्ण को माखन इतना प्रिय है कि वे दूसरे के घरों से भी माखन चुराकर खाते थे, जिस कारण उन्हें माखनचोर भी कहा जाता है। जन्माष्टमी के दिन माखन जरूर खरीदें और श्रीकृष्ण को इसका भोग लगाएं। इससे श्रीकृष्ण प्रसन्न होते हैं।

श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव यानी जन्माष्टमी के दिन आप इन चीजों की खरीदारी जरूर करें। जन्माष्टमी की पूजा में इन चीजों को कान्हा को अर्पित करें और उसके बाद घर पर रख दें।

(डिस्क्लेमर : यह पाठ्य सामग्री आम धारणाओं और इंटरनेट पर मौजूद सामग्री के आधार पर लिखी गई है। टाइम्स नाउ नवभारत इसकी पुष्टि नहीं करता है।)

End of Article