अध्यात्म

अमरनाथ यात्रा 2026: एलजी मनोज सिन्हा ने पहले जत्थे को दिखाई हरी झंडी, 'हर-हर महादेव' के जयघोष के बीच रवाना हुए श्रद्धालु

Amarnath Yatra 2026: अमरनाथ यात्रा 2026 का शुभारंभ हो गया। जम्मू के भगवती नगर बेस कैंप से उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने श्रद्धालुओं के पहले जत्थे को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

Image

अमरनाथ यात्रा 2026: श्रद्धालुओं का पहला जत्था रवाना, LG मनोज सिन्हा ने दिखाई हरी झंडी

Amarnath Yatra 2026: जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने गुरुवार को श्री अमरनाथजी यात्रा 2026 के पहले जत्थे को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। भगवती नगर बेस कैंप से जैसे ही श्रद्धालुओं का पहला काफिला निकला, पूरा परिसर 'हर-हर महादेव' और 'बम-बम भोले' के जयघोष से गूंज उठा। यात्रा के शुभारंभ के साथ बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का उत्साह देखने लायक रहा।

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में उपराज्यपाल मनोज सिन्हा श्रद्धालुओं को हरी झंडी दिखाते नजर आए। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु हाथों में झंडे और पूजा सामग्री लेकर यात्रा के लिए रवाना हुए। मौके पर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी भी मौजूद रहे।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: आषाढ़ी अमावस्या 2026 में कब है

उपराज्यपाल ने दी अमरनाथ यात्रा की शुभकामनाएं

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर यात्रा की शुरुआत पर शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने लिखा- हर-हर महादेव! बाबा बर्फानी के पवित्र धाम की यात्रा शुरू हो गई है। जम्मू के भगवती नगर बेस कैंप से श्री अमरनाथजी यात्रा 2026 के पहले जत्थे को रवाना किया। यह यात्रा आध्यात्मिक जागरण का प्रतीक है। इस पवित्र मार्ग पर उठाया गया हर कदम भगवान शिव के प्रति अटूट आस्था और समर्पण का परिचायक है। मैं सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षित, सुखद और मंगलमय यात्रा की कामना करता हूं।

अमरनाथ यात्रा का महत्व

हर वर्ष आयोजित होने वाली श्री अमरनाथजी यात्रा देशभर से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र मानी जाती है। श्री अमरनाथ यात्रा केवल एक तीर्थ यात्रा नहीं, बल्कि शिव भक्तों की आस्था, विश्वास और समर्पण का पर्व है। जम्मू-कश्मीर की बर्फीली पहाड़ियों के बीच स्थित पवित्र अमरनाथ गुफा में हर साल प्राकृतिक रूप से बनने वाले हिम शिवलिंग के दर्शन के लिए देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। पौराणिक मान्यता है कि इसी गुफा में भगवान शिव ने माता पार्वती को अमरत्व का रहस्य सुनाया था। कठिन पहाड़ी रास्तों, बदलते मौसम और लंबी पैदल यात्रा के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं होता। उनका विश्वास है कि बाबा बर्फानी का बुलावा मिलने पर ही इस पवित्र यात्रा का सौभाग्य प्राप्त होता है।

Medha Chawla
मेधा चावलाauthor

मेधा चावला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर एसोसिएट एडिटर हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन की लीड हैं। लाइफस्टाइल पत्रकारिता में 20 वर्षों का अनुभव रखने वाली मेधा की विशेषज्ञता हेल्थ, वेलनेस, फिटनेस, मेंटल हेल्थ, डेली लाइफ इम्प्रूवमेंट, ह्यूमन-इंटरेस्ट फीचर्स और रिसर्च-बेस्ड स्टोरीज तक फैली है। उनकी लेखन शैली पाठकों को जटिल स्वास्थ्य और जीवनशैली संबंधी विषयों को आसान, समझने योग्य और व्यवहारिक रूप में प्रस्तुत करती है, जिससे उनका कंटेंट व्यापक पाठक समूह से जुड़ता है। अबतक 30,000 से अधिक कंटेंट पीस लिख चुकी मेधा की कई एक्सक्लूसिव स्टोरीज डिजिटल प्लेटफॉर्म पर ट्रेंड सेट कर चुकी हैं।

और पढ़ें
End of Article