शहर

BJP से गठबंधन करना चाहते हैं राजा भैया? PM मोदी और CM योगी का खुलेआम किया समर्थन, तारीफ में पढ़े कसीदे

Raja Bhaiya on Yogi-Modi: जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) के प्रमुख राजा भैया ने कहा कि हम पूरी तरह से पीएम मोदी के ‘एक रहोगे, सेफ रहोगे’, सीएम योगी के ‘बंटोगे तो कटोगे’ और बागेश्वर धाम सरकार के ‘हम सब हिंदू भाई-भाई’ के नारे का समर्थन करते हैं।

Image

राजा भैया (फोटो साभार- ANI)

Raja Bhaiya on Yogi-Modi: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) के प्रमुख रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने एक बार फिर अपने बयानों से सियासी हलचल बढ़ा दी है। उन्होंने खुलेआम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नारों का समर्थन किया है। साथ ही बागेश्वर धाम सरकार के नारे को भी सही बताया है। राजा भैया ने कहा कि दशकों तक कई राजनीतिक दलों ने हिंदुओं को जाति के नाम पर बांटने का काम किया है। उनकी पार्टी की विचारधारा में जातिवाद के लिए कोई जगह नहीं है।

मोदी और योगी के नारे का किया समर्थन

राजा भैया ने कहा कि हम पूरी तरह से पीएम मोदी के ‘एक रहोगे, सेफ रहोगे’, सीएम योगी के ‘बंटोगे तो कटोगे’ और बागेश्वर धाम सरकार के ‘हम सब हिंदू भाई-भाई’ के नारे का समर्थन करते हैं। राजा भैया के इस बयान को 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव से पहले काफी अहम माना जा रहा है। हालांकि उन्होंने साफ किया है कि उनके कार्यक्रमों का चुनाव से कोई लेना-देना नहीं है।

राम कथा पर विरोधियों को दिया जवाब

श्रीराम कथा का विरोध करने वालों पर भी राजा भैया ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जो लोग राम कथा का विरोध करते हैं, वे संविधान की बात करते हैं, लेकिन उन्होंने संविधान के अनुच्छेद 25 और 26 को ठीक से पढ़ा ही नहीं है। इन अनुच्छेदों में हर भारतीय नागरिक को अपनी तरह से पूजा-पाठ और उपासना करने का अधिकार दिया गया है। उन्होंने कहा कि हम दशकों से राम कथा का आयोजन कराते आ रहे हैं। इसका 2027 के यूपी चुनाव से कोई संबंध नहीं है। राम कथा आस्था का विषय है और इसे चुनाव से जोड़ना गलत है।

UGC मुद्दे पर दिया बड़ा बयान

इस दौरान UGC के मुद्दे पर भी राजा भैया से सवाल पूछा गया। इस पर उन्होंने बड़ा दावा करते हुए कहा कि जो लोग उनकी बात पर भरोसा करते हैं, वे इसे पक्का याद रखें कि यह लागू नहीं होगा। उन्होंने कहा कि इस पर ज्यादा विस्तार में मत जाइए। उनके इस बयान के बाद UGC को लेकर चल रही चर्चा और तेज हो गई है। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि राजा भैया का यह बयान प्रतापगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे पूर्वांचल की राजनीति में असर डाल सकता है। वे लंबे समय से प्रतापगढ़ की राजनीति में मजबूत पकड़ रखते हैं और उनके बयानों पर सभी दलों की नजर रहती है।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article