देश

बंगाल में भाजपा की अंदरूनी कलह में कार्यकर्ता की मौत,पत्नी से बदसलूकी का विरोध करने पर पीट-पीटकर हत्या

बंगाल में भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच हुए विवाद में एक कार्यकर्ता की पीट-पीट कर हत्या का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान अरूप साहा के रूप में हुई है।

Image

सांकेतिक तस्वीर।

पश्चिम बंगाल में भाजपा के भीतर आपसी विवाद का एक मामला सामने आया है। उत्तर 24 परगना जिले के पानीहाटी में पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच हुई कथित मारपीट में भाजपा से जुड़े एक कार्यकर्ता की मौत हो गई। मृतक की पहचान अरूप साहा के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, शनिवार शाम उनकी पत्नी के साथ कुछ पार्टी कार्यकर्ताओं ने कथित तौर पर बदसलूकी की थी। इसका विरोध करने पर अरूप साहा पर हमला किया गया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। रविवार सुबह अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, विवाद की शुरुआत एक स्थानीय कारोबारी के साथ कथित मारपीट की घटना से हुई थी। पानीहाटी मंडल-1 के भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष पर कारोबारी के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। इसी घटना का भाजपा की मंडल सचिव और अरूप साहा की पत्नी रूमा साहा ने विरोध किया था। इसके बाद कुछ पार्टी कार्यकर्ताओं ने कथित तौर पर उनके साथ अभद्र व्यवहार किया।

पत्नी से बदसलूकी का विरोध करने पर हमला

पुलिस अधिकारी ने बताया कि जब अरूप साहा ने अपनी पत्नी को परेशान होते देखा तो वह बीच-बचाव करने पहुंचे। इसी दौरान कुछ लोगों ने उन पर हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल अरूप को सागर दत्ता मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां रविवार सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया।

मृतक की पत्नी रूमा साहा ने आरोप लगाया कि इस घटना के पीछे उन लोगों का हाथ है, जो पहले तृणमूल कांग्रेस (TMC) में थे और बाद में भाजपा में शामिल हो गए। उन्होंने दावा किया कि ऐसे कार्यकर्ता पार्टी में लगातार विवाद और अशांति पैदा कर रहे हैं।

भाजपा विधायक ने पूर्व TMC कार्यकर्ताओं पर लगाए आरोप

घटना के बाद पानीहाटी की भाजपा विधायक रत्ना देबनाथ भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने भी पार्टी में शामिल हुए पूर्व तृणमूल कांग्रेस के कुछ सदस्यों पर अशांति फैलाने का आरोप लगाया। विधायक का कहना है कि ऐसे लोग पहले भी दूसरों पर हमले कर चुके हैं और इस तरह की गतिविधियां बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।

वहीं, पुलिस ने कहा है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। मृतक की पत्नी की ओर से लगाए गए आरोपों की भी पड़ताल की जा रही है। जांच में जो लोग दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article