UP CM Fellowship Program: यूपी सरकार ने आकांक्षी विकास खंड की तर्ज पर अब आकांक्षी नगरों में भी सीएम फेलोशिप प्रोग्राम (CM Fellowship Program) की शुरुआत कर दी है। सीएम योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर नगरीय विकास विभाग ने 4 दिसंबर से सीएम फेलोशिप प्रोग्राम के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की शुरुआत कर दी है। यूपी आकांक्षी नगर योजना जैसी विकास परियोजना शुरू करने वाला देश का पहला राज्य बन गया है
युवाओं को मिलेगा टैबलेट और 40 हजार रुपए
योगी सरकार ने हाल ही में 'एस्पिरेशनल सिटी प्लान' को मंजूरी दी है। इसका लक्ष्य 20,000 से एक लाख तक की आबादी वाले 100 छोटे शहरों में नए रोजगार के अवसर पैदा करना और बुनियादी शहरी सुविधाएं, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक बुनियादी ढांचे को बढ़ाना है। बता दें कि सीएम फेलोशिप प्रोग्राम के तहत चयनित युवाओं को एक टैबलेट और हर महीने 40 हजार रुपए मिलेंगे। साथ ही रहने और आने- जाने के लिए भत्ता भी मिलेगा।
क्या होनी चाहिए योग्यता
योग्यता की बात करें तो आवेदक मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से न्यूनतम 60 प्रतिशत अंकों के साथ ग्रेजुएट होने चाहिए। इसके अलावा आवेदक की आयु 40 साल से अधिक नहीं होनी चाहिए। साथ ही हिंदी और अंग्रेजी बोलने और लिखने में कुशल होना चाहिए। आवेदक को कंप्यूटर और आईटी एप्लिकेशन पर काम करने की क्षमता होनी चाहिए।
यहां करें अप्लाई
सीएम फेलोशिप कार्यक्रम के तहत युवाओं को शहरी विकास, योजना, प्रबंधन और निगरानी में योगदान देने का सुनहरा अवसर मिलेगा। आवेदक शहरी विकास विभाग की आधिकारिक वेबसाइट anyurban.upsdc.gov.in पर अप्लाई कर सकते हैं।
