SBI Recruitment 2022, SBI CBO Recruitment 2022, sbi.co.in: स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) ने सर्किल बेस्ड ऑफिसर (Circle Based Officer) पदों पर भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी किया है। योग्य अभ्यर्थी एसबीआई सीबीओ भर्ती (SBI CBO Recruitment) 2022 के लिए आधिकारिक वेबसाइट sbi.co.in पर आज से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इन पदों पर भर्ती के लिए आवेदन करने की आखिरी तारीख 7 नवंबर 2022 निर्धारित की गई है।
SBI CBO Vacancy 2022: किसके लिए कितने पद?
एसबीआई द्वारा जारी सूचना के अनुसार, इस प्रक्रिया के माध्यम से सर्किल बेस्ड ऑफिसर के कुल 1422 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। जिसमें, सामान्य वर्ग के लिए 572 पद, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए 138 पद, अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 390 पद, अनुसूचित जाति वर्ग के लिए 209 पद और अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए 113 पद शामिल हैं। चयनित अभ्यर्थियों को 36,000 रुपए महीने का शुरुआती वेतन दिया जाएगा।
SBI CBO Exam 2022: ऐसे होगा चयन
एसबीआई में इन पदों पर भर्ती के लिए चयन ऑनलाइन परीक्षा, स्क्रीनिंग और इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा। ऑनलाइन परीक्षा 4 दिसंबर 2022 को आयोजित की जाएगी। इसके लिए एडमिट कार्ड नवंबर/दिसंबर में जारी किया जाएगा। ऑनलाइन परीक्षा में 120 अंको के ऑब्जेक्टिव सवाल और 50 अंकों के डिस्क्रिप्टिव सवाल पूछे जाएंगे। इन सवालों को हल करने के लिए 2 घंटे और 30 मिनट का समय दिया जाएगा।
SBI CBO Eligibility: क्या होनी चाहिए योग्यता?
एसबीआई सीबीओ भर्ती के लिए न्यूनतम आयु 21 साल और अधिकतम आयु 30 साल निर्धारित की गई है। हालांकि, सरकारी नियमों के अनुसार आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी। इसके अलावा मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से बैचलर्स डिग्री होनी चाहिए। विस्तृत जानकारी के लिए आधिकारिक नोटिफिकेशन चेक कर सकते हैं।
SBI CBO Application: इतना देना होगा शुल्क
अभ्यर्थी स्टेट बैंक ऑफ इंडिया सीबीओ भर्ती 2022 के लिए आधिकारिक वेबसाइट sbi.co.in पर 18 अक्टूबर से 7 नवंबर 2022 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए सामान्य, अन्य पिछड़ा वर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के अभ्यर्थियों को 750 रुपए आवेदन शुल्क जमा करना होगा। अधिक जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर चेक कर सकते हैं।
