Vaishali News: बिहार के वैशाली जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों 'नीतीश सेतु' के उद्घाटन के बाद पुल पर जमकर हंगामा देखने को मिला। आरोप है कि उद्घाटन कार्यक्रम खत्म होते ही बड़ी संख्या में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) समर्थक सेतु पर पहुंच गए। जिसके बाद उन्होंने पुल पर लगे प्रधानमंत्री मोदी और बीजेपी के बैनर-पोस्टर फाड़ दिए। इस दौरान समर्थकों ने राजद और लालू प्रसाद यादव-तेजस्वी यादव के समर्थन में नारेबाजी भी की। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
करीब 40 मिनट तक चला हुड़दंग
वायरल वीडियो में कुछ लोग राजद का झंडा लेकर पुल पर नारे लगाते और पोस्टर फाड़ते नजर आ रहे हैं। कुछ लोग प्रधानमंत्री के पोस्टर को पैरों से कुचलते भी दिखाई दे रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यह हंगामा और हुड़दंग करीब 40 मिनट तक चलता रहा। जिससे वहां तनाव का माहौल बन गया और यातायात भी प्रभावित हुआ। हंगामे के दौरान समर्थक लालू प्रसाद यादव, तेजस्वी यादव, राजद और कांग्रेस के समर्थन में जोरदार नारेबाजी करते रहे।
पुलिस ने मोर्चा संभाला
सेतु पर बढ़ते बवाल और तोड़फोड़ की स्थिति को देखते हुए मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने सख्ती दिखाई। वायरल वीडियो में पुलिसकर्मी उपद्रवियों को नियंत्रित करने के लिए उन्हें दौड़ाते और सख्ती से खदेड़ते नजर आ रहे हैं। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने हंगामा कर रहे समर्थकों को पुल से हटाया और स्थिति को काबू में किया।
गौरतलब है कि गंगा नदी पर बने इस छह लेन पुल को बिहार के विकास और बेहतर कनेक्टिविटी के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, लेकिन उद्घाटन के तुरंत बाद हुई इस घटना ने राजनीति विवाद खड़ा कर दिया है।
