हम जिस मकड़ी की बात कर रहे हैं, वह मकड़ी ऑस्ट्रेलिया में पाई जाती है और इस मकड़ी का नाम हंट्समैन मकड़ी (Huntsman Spider) है। यह मकड़ी दुनिया की सबसे तेज दौड़ने वाली मकड़ी है। इस मकड़ी को लेकर हाल में ही एक स्टडी की गई और उस स्टडी में पता चला कि यह मकड़ी सिर्फ 1 सेकंड में करीब 3.6 मीटर की दूरी तय कर सकती है।
मकड़ी की इस स्पीड को देख वैज्ञानिक भी चौंक गए हैं। इस रिसर्च को जर्मनी की यूनिवर्सिटी ऑफ ग्रीफ्सवाल्ड और इंपीरियल कॉलेज लंदन के वैज्ञानिकों ने मिलकर किया है। रिसर्च के दौरान दुनिया की 160 से ज्यादा प्रजातियों की कुल 236 मकड़ियों की स्पीड मापी गई।
सभी मकड़ियों को खास ग्रिड पेपर पर दौड़ाया गया और उनकी हर हरकत को हाई-स्पीड कैमरों से रिकॉर्ड किया गया। इस टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया के क्वींसलैंड इलाके से लाई गई हंट्समैन मकड़ी सबसे तेज निकली। इसकी रफ्तार 3.59 मीटर प्रति सेकंड रिकॉर्ड की गई।
इससे पहले दुनिया की सबसे तेज मकड़ी का रिकॉर्ड मोरक्को की फ्लिक-फ्लैक स्पाइडर के नाम था। यह मकड़ी लगभग 1.7 मीटर प्रति सेकंड की रफ्तार से दौड़ सकती थी। लेकिन हंट्समैन मकड़ी ने यह रिकॉर्ड लगभग दोगुनी स्पीड के साथ तोड़ दिया।
वैज्ञानिकों ने मकड़ियों को एक खास ट्रे में रखा, जिसकी दीवारों पर लिक्विड पैराफिन लगाया गया ताकि वे बाहर न निकल सकें। इसके बाद उन्हें ग्रिड वाले पेपर पर दौड़ाया गया और हाई-टेक कैमरों की मदद से उनकी स्पीड और उनकी चाल का पता लगाया गया।
रिसर्च में यह भी सामने आया कि आमतौर पर भारी मकड़ियां ज्यादा तेज दौड़ती हैं। जैसे बेहद छोटी मनी स्पाइडर की रफ्तार सिर्फ 0.018 मीटर प्रति सेकंड रही, जबकि भारी हंट्समैन मकड़ी सबसे तेज निकली। हालांकि वैज्ञानिकों ने यह भी पाया कि एक जैसे वजन वाली दो मकड़ियों की स्पीड में भी बड़ा अंतर हो सकता है। यानी सिर्फ वजन ही रफ्तार तय नहीं करता।
वैज्ञानिकों के मुताबिक, हंट्समैन मकड़ी के लंबे पैर और उसके शिकार करने का तरीका उसे बेहद फुर्तीला बनाते हैं। यह जमीन और पेड़ों पर तेजी से दौड़कर अपने शिकार को पकड़ती है। यही वजह है कि इसकी स्पीड दूसरी मकड़ियों से कहीं ज्यादा होती है।