कहते हैं कि समंदर की दुनिया जितनी ही खूबसूरत है, उतनी ही यह रहस्यमयी भी है। यहां ऐसे-ऐसे जीव पाए जाते हैं जिन्हें देखकर यकीन करना मुश्किल हो जाता है। उनमें से ही एक है रेड-लिप्ड बैटफिश (Red-Lipped Batfish), जो अपने अनोखे लुक के कारण पूरी दुनिया में मशहूर है।
इस मछली की सबसे खास बात यह है कि इसके होंठ एकदम चटक लाल रंग के होते हैं। जिसे देख ऐसा लगता है, जैसे इसने अपने होंठों पर रेड लिप्सटिक लगाई है। इसके होंठ आगे से इतने मोटे होते हैं कि इन्हें देख ऐसा लगेगा जैसे किसी ने इनके मुंह पर सर्जरी कर एक अलग से होंठ लगा दिए हैं।
इस मछली का चेहरा काफी अजीब और मजेदार दिखता है। इसी वजह से यह अक्सर चर्चा का विषय बनी रहती है। रेड-लिप्ड बैटफिश मुख्य रूप से गैलापागोस द्वीप (Galapagos Islands) के आसपास के समुद्र में पाई जाती है। यह समुद्र की गहराई में रहती है। आमतौर पर यह समुद्र के तल (Ocean Floor) पर मिलती है।
इस मछली का एक और खासियत है जो इसे दूसरी मछलियों से अलग बनाती है और वह खासियत यह है कि यह मछली बाकी मछलियों की तरह तैरती नहीं है। इसके पंख ऐसे होते हैं कि यह समुद्र की सतह पर चलती हुई दिखाई देती है। यह धीरे-धीरे अपने पंखों की मदद से आगे बढ़ती है इसलिए इसे चलने वाली मछली भी कहा जाता है।
यह मछली छोटे-छोटे समुद्री जीवों को खाती है। जैसे छोटे केकड़े, समुद्री कीड़े-मकोड़े और छोटी मछलियां। इसके सिर के ऊपर एक खास हिस्सा होता है, जिससे यह अपने शिकार को अपनी तरफ आकर्षित करती है।
वैज्ञानिकों का मानना है कि यह मछली अपने लाल होंठों से अपने साथियों को आकर्षित करती है। इनके लाल होंठ इसी काम के लिए होते हैं। जैसे इंसान खुद को आकर्षित बनाने के लिए लिप्सटिक और मेकअप का सहारा लेता है वैसे ही इस मछली के पास यह नैचुरल मेकअप है, जो इनकी खूबसूरती को बढ़ता है और अपने अन्य साथियों को अपनी तरफ आकर्षित करता है।
यह मछलियां इसलिए खास हैं क्योंकि इनका अनोखा और अजीब दिखने वाला चेहरा इन्हें सबसे अलग बनाता है। साथ ही ये दूसरी मछलियों की तरह तैरने के बजाय चलने की क्षमता रखती हैं। इसके अलावा यह मछली एक दुर्लभ समुद्री जीव और प्रकृति की अनोखी रचना है।