यह कहानी है चीन के उस खतरनाक सड़क की, जिसे बनाने के लिए ना तो कोई बड़ी मशीनों का इस्तेमाल किया गया और ना ही उसे किसी कंपनी या सरकार ने बनवाया। इस सड़क को खुद गांव के लोगों ने अपने दम पर बनाया और पहाड़ का सीना चीरकर एक रास्ता निाकल लिया। जिससे गांव के लोगों को आने-जाने की सुविधा मिली।
यह सड़क चीन के चोंगकिंग प्रांत के लैनिंग (Lanying) गांव में स्थित है। कुछ साल पहले तक यह गांव पूरी तरह दुनिया से कटा हुआ था। यहां सिर्फ 23 परिवार रहते थे और कुल आबादी करीब 80 लोगों की थी। गांव चारों तरफ ऊंचे पहाड़ों से घिरा हुआ था। बाहर आने-जाने का कोई रास्ता नहीं था। लोग जरूरी सामान लाने और बीमार लोगों को अस्पताल पहुंचाने के लिए भी भारी मुश्किलों का सामना करते थे।
सरकारी मदद का इंतजार करते-करते गांव वाले थक चुके थे। आखिरकार उन्होंने खुद ही रास्ता बनाने का फैसला किया। ऐसे में हर परिवार को पहाड़ का एक हिस्सा सौंप दिया गया। किसी के पास आधुनिक मशीनें नहीं थीं। उनके पास सिर्फ साधारण छैनी, हथौड़े और मजबूत इरादे थे। इसके बाद शुरू हुआ एक ऐसा काम, जिसे देखकर आज भी लोग हैरान रह जाते हैं।
गांव वालों ने दिन-रात मेहनत की। तेज धूप, बारिश और खतरनाक पहाड़ी इलाके के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी। लगातार चार साल तक मेहनत करने के बाद उन्होंने लगभग 1.2 किलोमीटर लंबी कच्ची सड़क तैयार कर दी। यह काम किसी एक व्यक्ति ने नहीं, बल्कि पूरे गांव ने मिलकर किया।
जब साल 2016 में स्थानीय प्रशासन की नजर इस सड़क पर पड़ी, तो उन्होंने गांव वालों की मेहनत की सराहना की। इसके बाद प्रशासन ने इस कच्चे रास्ते को पक्का करने और कुछ जगहों पर चौड़ा करने का काम शुरू किया, ताकि गांव के लोगों को आने-जाने में थोड़ी सुविधा मिल सके।
आज यह सड़क "लैनिंग क्लिफ रोड" (Lanying Cliff Road) के नाम से जानी जाती है। यह सड़क बेहद संकरी और खड़ी ढलान वाली है। कुछ जगहों पर इसकी ढलान 22.9 प्रतिशत तक पहुंच जाती है। ऐसे में जरा-सी गलती भी बड़ा हादसा बन सकती है। यही वजह है कि यहां गाड़ी चलाने के लिए अच्छे ड्राइविंग अनुभव के साथ-साथ हिम्मत भी खूब चाहिए।
आज यह सड़क सिर्फ गांव का रास्ता नहीं, बल्कि एक बड़ा पर्यटन आकर्षण भी बन चुकी है। देश-विदेश से लोग इस अनोखी सड़क को देखने आते हैं। सड़क के एक तरफ ऊंचा पहाड़ है, तो दूसरी तरफ हजारों फीट गहरी खाई है। इसी रोमांच को देखने और महसूस करने के लिए यहां पर लोग दूर-दूर से आते हैं।