IPL Cricket: आईपीएल 2026 का पहला मैच बेंगलुरू और हैदराबाद के बीच खेला जाना है। दोनों ही टीमों में दुनिया के कई नामी बल्लेबाज मौजूद हैं जो अकेले मैच की दशा और दिशा तय कर सकते हैं। हम आपको यहां बताने जा रहे हैं कि वो कौन से 5 बल्लेबाज हैं जो इस मैच में एक्स फैक्टर साबित हो सकते हैं।
आईपीएल 2026 का पहला मैच 28 मार्च, शनिवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच बेंगलुरू स्थित ऐतिहासिक एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में आयोजित होगा। डिफेंडिंग चैंपियन आरसीबी अपने मैदान पर हुंकार भरने के लिए तैयार है।
आरसीबी और हैदराबाद के बीच होने वाला आईपीएल 2026 का पहला मुकाबला बेंगलुरू के जिस एम चिन्नास्वामी स्टेडियम पर होने जा रहा है उस मैदान की पिच हाई स्कोरिंग मुकाबलों के लिए मशहूर रही है। खासतौर पर इस ग्राउंड की बाउंड्री छोटा होना बल्लेबाजों को और मदद देगा। ऐसे में दोनों ही टीम के खास बल्लेबाज बड़ी पारियों की तलाश में रहेंगे। अब जान लेते हैं कि दोनों टीमों को मिलाकर कौन से वो 5 बल्लेबाज हैं जिन पर सबकी नजरें रहने वाली हैं।
सबसे ऊपर नाम आता है भारतीय क्रिकेट इतिहास के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में शुमार और आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा रन बना चुके विराट कोहली। ये शानदार बल्लेबाज आईपीएल में 9000 रन के आंकड़े के बेहद करीब है। वो इंग्लैंड के फिल सॉल्ट के साथ पारी की शुरुआत करते नजर आएंगे।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के अंतिम कुछ मैचों में शानदार पारियों से अपना प्रभाव छोड़ने के बाद सनराइजर्स हैदराबाद के युवा भारतीय ओपनर अभिषेक शर्मा ने लय में लौटने के संकेत दे दिए थे। आईपीएल में लगातार पिछले दो सालों में उन्होंने जबरदस्त बल्लेबाजी की है और उन पर फैंस की निगाहें टिकी रहेंगी।
इंग्लैंड के जैकब बैथल ने टी20 विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल में भारत के खिलाफ ऐतिहासिक शतक लगाया था। इस युवा बल्लेबाज ने साबित किया था कि किसी भी मंच पर अच्छा प्रदर्शन करने का दम रखता है। बेशक वो सेमीफाइनल भारत जीत गया था लेकिन बैथल की पारी की तारीफ हर जगह हुई। अब वो आईपीएल में बेंगलुरू के लिए कुछ बड़ा करने की तैयारी में होंगे।
सनराइजर्स हैदराबाद के भारतीय बल्लेबाज ईशान किशन टी20 विश्व कप 2026 की सफलता के बाद सातवें आसमान पर हैं। उन्होंने विश्व कप में कई यादगार पारियां खेलीं जिसमें एक शतक भी शामिल रहा। अब पैट कमिंस के लौटने तक वो हैदराबाद के कप्तान होंगे और ऐसे में तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए ये बल्लेबाज अपनी लय को पहले मैच में बरकरार रखना चाहेगा।
ऑस्ट्रेलिया के तेजतर्रार ओपनर ट्रेविस हेड एक बार फिर सनराइजर्स हैदराबाद के लिए अभिषेक शर्मा के साथ पारी की शुरुआत करेंगे। अभिषेक के साथ मिलकर ट्रैविस हेड आईपीएल में कई बड़े रिकॉर्ड बना चुके हैं और अगर पहले मैच में बेंगलुरू के खिलाफ उनका बल्ला चला तो आरसीबी के गेंदबाजी की परेशानी बढ़नी तय है।