आज गुवाहाटी में राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियंस का मुकाबला है। इस मुकाबले में एक-दो नहीं बल्कि 3-3 रिकॉर्ड दांव पर हैं। जिन खिलाड़ियों पर सबसे ज्यादा नजर होगी वो हैं रवींद्र जडेजा, शिमरॉन हेटमायर और यशस्वी जायसवाल। ये तीनों खिलाड़ी रिकॉर्ड के करीब खड़े हैं।
आज गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में 5 बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस का सामना राजस्थान रॉयल्स से होगा। दोनों टीमों के लिए यह तीसरा मुकाबला है। राजस्थान की टीम विजय रथ पर सवार है तो मुंबई इंडियंस की टीम अपना पिछला मुकाबला हारकर यहां पहुंची है।
आज के मुकाबले में 3 रिकॉर्ड दांव पर हैं। ये सभी रिकॉर्ड राजस्थान के खिलाड़ी बना सकते हैं। इनमें रवींद्र जडेजा का रिकॉर्ड सबसे खास है। इसके अलावा शिमरॉन हेटमायर और यशस्वी जायसवाल भी रिकॉर्ड की दहलीज पर खड़े हैं। चलिए जानते हैं कि किस खिलाड़ी के निशाने पर कौन सा रिकॉर्ड है?
रवींद्र जडेजा टी20 क्रिकेट में अनोखे डबल के करीब हैं। जडेजा अगर 8 रन बनाने में कामयाब हो जाते हैं तो वह टी20 में 4,000 रन और 200 से ज्यादा विकेट लेने वाले भारत के दूसरे ऑलराउंडर बन जाएंगे। हार्दिक पांड्या पहले ही यह कारनामा कर चुके हैं।
यशस्वी जायसवाल राजस्थान रॉयल्स के लिए 96 छक्के लगा चुके हैं। 4 छक्का लगाते ही जायसवाल आईपीएल में राजस्थान के लिए 100 छक्के लगाने वाले खिलाड़ियों के क्लब में शामिल हो जाएंगे। इस लिस्ट में जोस बटलर और संजू सैमसन जैसे नाम पहले से हैं।
इसके अलावा वेस्टइंडीज के विस्फोटक बल्लेबाज शिमरन हेटमायर 1000 रन के करीब हैं। हेटमायर इस रिकॉर्ड से केवल 27 रन दूर हैं। ऐसा करते ही वह राजस्थान के लिए 1000 या इससे ज्यादा रन बनाने वाले 10वें बल्लेबाज बन जाएंगे।
पहली बार राजस्थान की कप्तानी कर रहे रियान पराग ने अपनी नेतृत्व क्षमता से बड़े-बड़े दिग्गजों को प्रभावित किया है। पिछले मुकाबले में उनके बॉलिंग चेंज ने अंतिम समय में मैच राजस्थान की तरफ मोड़ दिया था।