अगर आपसे कहा जाए कि एक बगीचे में उगी सब्जियां और पौधे वर्ल्ड रिकॉर्ड बना सकते हैं, तो शायद आपको यकीन न हो लेकिन ब्रिटेन में हाल ही में ऐसा ही कुछ देखने को मिला। वॉर्सेस्टरशायर के माल्वर्न ऑटम शो (Worcestershire, Malvern Autumn Show) में विशाल फल और सब्जियों ने ऐसा कमाल किया कि एक-दो नहीं, बल्कि सात नए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स (Guinness World Records) दर्ज हो गए।
सबसे खास बात यह है कि इन रिकॉर्ड्स को पांच अलग-अलग बागवानों ने मिलकर बनाया। प्रतियोगिता में शामिल कुछ सब्जियां इतनी विशाल थीं कि उन्हें देखकर आम लोगों के लिए यकीन करना मुश्किल हो गया। मालवर्न ऑटम शो के दौरान CANNA UK नेशनल जाइंट वेजिटेबल्स चैंपियनशिप (Malvern Autumn Show, CANNA UK National Giant Vegetables Championship) का आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता हर साल विशाल आकार की सब्जियों और पौधों को लेकर काफी चर्चा में रहती है।
इस बार यहां सात ऐसी सब्जियां सामने आईं, जिन्हें गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स (Guinness World Records) की ओर से नए रिकॉर्ड होल्डर के तौर पर दर्ज किया गया। इनमें विशाल चुकंदर, बेहद लंबा ट्रॉम्बोनचिनो, भारी सूरजमुखी का सिर और भारी स्वीटकॉर्न का दाना जैसी एंट्रिज़ शामिल रहीं।
इन रिकॉर्ड्स में सबसे खास नाम चुकंदर का रहा। इस विशाल चुकंदर ने ऐसा रिकॉर्ड बनाया, जो साल 2019 से नहीं टूटा था। यानी करीब कई साल तक कोई भी बागवान इस कैटेगरी में पुराने रिकॉर्ड को पीछे नहीं छोड़ पाया था। आखिरकार मालवर्न ऑटम शो (Malvern Autumn Show) में उगाए गए इस विशाल चुकंदर ने नया रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इसे देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि इसे उगाने वाले बागवान ने कितनी मेहनत और देखभाल की होगी। इस चुकुंदर का वजन 26.02 किलोग्राम (57 पाउंड 5.8 औंस) था।
रिकॉर्ड बनाने वाली दूसरी दिलचस्प सब्जियों में ट्रॉम्बोनचिनो शामिल रहा। यह बटरनट स्क्वैश की एक लंबी किस्म है और अपने असामान्य आकार के लिए जानी जाती है। सामान्य सब्जियों के मुकाबले इसका लंबा आकार ही इसे खास बनाता है। मालवर्न (Malvern) की प्रतियोगिता में इसकी विशाल लंबाई ने भी लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा। इस शो में इसकी लंबाई 1.486 मीटर मापी गई।
इस पूरी कहानी का शायद सबसे हैरान करने वाला हिस्सा डैंडेलियन की जड़ है। डैंडेलियन को कई जगह लोग बगीचे में उगने वाला अनचाहा पौधा या खरपतवार मानते हैं लेकिन इसी पौधे की सबसे लंबी जड़ ने यहां नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया। यानी जिस पौधे को कई लोग बगीचे से निकाल देते हैं, उसी ने रिकॉर्ड बुक में अपनी जगह बना ली। इस पौधे के जड़ की लंबाई 1.127 मीटर मापी गई।
रिकॉर्ड बनाने वालों में भारी सूरजमुखी के सिर और भारी स्वीटकॉर्न कॉब जैसी एंट्रिज़ भी शामिल रहीं। जहां सबसे भारी सूरजमुखी के सिर का वजन 7.808 किलोग्राम रहा तो वहीं, सबसे भारी स्वीटकॉर्न के दाने का वजन 0.408 किलोग्राम था। इसके अलावा सबसे भारी तोरई और सबसे लंबे खीरे के पौधे का भी रिकॉर्ड बना। जहां खीरे के सबसे लंबे पौधे की लंबाई 7.598 मीटर (24.6 फीट) रही तो वहीं, सबसे भारी तोरई का वजन 5.014 किलोग्राम तौला गया।
विशाल सब्जियों की इस प्रतियोगिता में आकार, वजन और लंबाई के आधार पर अलग-अलग कैटेगरिज़ में रिकॉर्ड बनाए गए। इन विशाल पौधों और सब्जियों के पीछे बागवानों की महीनों की मेहनत होती है। बीज चुनने से लेकर मिट्टी, पानी, खाद और पौधे की लगातार देखभाल तक हर चीज पर खास ध्यान दिया जाता है। इन सात रिकॉर्ड्स के पीछे पांच बागवानों की मेहनत रही। विन्सेंट सोजोडिन, केविन फोर्टे, पीटर ग्लेज़ब्रुक और टेरी किंग (Vincent Sjodin, Kevin Fortey, Peter Glazebrook and Terry King) सहित रिकॉर्डधारी बागवानों ने अपनी विशाल उपज के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। मालवर्न ऑटम शो में हर साल होने वाली यह प्रतियोगिता विशाल सब्जियां उगाने वाले बागवानों के लिए बेहद खास मानी जाती है।