क्रिकेट

शतक से चूककर भी रोहित शर्मा ने रचा इतिहास, तोड़ दिया सचिन का 22 साल पुराना रिकॉर्ड

वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे और आखिरी वनडे में रोहित शर्मा का बल्ला खूब चला, लेकिन वह 8 रन से शतक चूक गए। रोहित ने 92 रन की पारी खेली और बतौर ओपनर वनडे में 10,000 रन पूरे कर लिए।

Image

रोहित शर्मा (साभार-X/AI)

वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे और आखिरी वनडे में रोहित शर्मा भले ही शतक लगाने से चूक गए, लेकिन उन्होंने वनडे क्रिकेट में इतिहास रच दिया। दूसरे वनडे में शानदार शतकीय पारी खेलने वाले रोहित का शानदार प्रदर्शन तीसरे मैच में भी जारी रहा। वह 8 रन से शतक चूक गए। हिटमैन 85 गेंद में 10 चौके और 8 छक्के की मदद से 92 रन की पारी खेलकर आउट हुए। उन्होंने गायकवाड़ के साथ तीसरे विकेट के लिए 137 रन की साझेदारी की। इस पारी के दौरान उन्होंने वनडे क्रिकेट में बतौर सलामी बल्लेबाज 10,000 रन भी पूरे कर लिए। वनडे इतिहास में 10,000 रन पूरे करने वाले वह चौथे सलामी बल्लेबाज बन गए। इतना ही नहीं उन्होंने सबसे तेज 10,000 रन बनाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया।

रोहित बने सबसे तेज दस-हजारी

92 रन की पारी के बाद अब रोहित शर्मा के नाम 204 मैचों के 54.83 के औसत से 10090 रन हो गए हैं। इस दौरान उन्होंने 33 शतक और 50 अर्धशतक जड़े हैं। रोहित ने 10,000 रन का आंकड़ा 204वीं पारी में हासिल किया। इसके साथ ही उन्होंने सचिन तेंदुलकर का 22 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। सचिन ने बतौर ओपनर 10,000 रन बनाने के लिए 214 पारी खेली थी। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ब्रिस्बेन में यह जादूई आंकड़ा हासिल किया था।

सबसे तेज 10,000 रन बनाने वाले सलामी बल्लेबाज

रोहित शर्मा- 202 पारी

सचिन तेंदुलकर- 214 पारी

क्रिस गेल- 268 पारी

सनथ जयसूर्या- 302 पारी

वनडे में दस हजार रन बनाने वाले चौथे ओपनर

रोहित वनडे क्रिकेट में 10,000 रन बनाने वाले चौथे ओपनर बन गए। इस लिस्ट में सचिन तेंदुलकर 15,310 रनों के साथ सबसे ऊपर हैं। दूसरे नंबर पर श्रीलंका के सनथ जयसूर्या हैं, जिनके नाम 12,740 और तीसरे नंबर पर यूनिवर्स बॉस क्रिस गेल हैं जिनके नाम 10,179 हैं।
Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article