मनोरंजन जगत में आज कई बड़ी खबरें चर्चा में हैं। फिल्ममेकर अमित जानी ने काला हिरण विवाद के बीच बुरहान वानी पर फिल्म बनाने का ऐलान किया है। जूनियर एनटीआर ने एआई से बनाए गए मॉर्फ्ड वीडियो पर कड़ा रुख अपनाया है। विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना की जोड़ी फिर चर्चा में है। जया बच्चन का गुलजार के साथ हंसते हुए वीडियो वायरल हो रहा है। यामी गौतम ने फिल्म की रिलीज से पहले पटना साहिब में आशीर्वाद लिया। मुकेश खन्ना फिल्मों में वापसी कर रहे हैं। राजपाल यादव से जुड़े वायरल वीडियो का सच सामने आया है, वहीं प्रीति जिंटा और करण जौहर भी सुर्खियों में हैं।
फिल्म निर्माता अमित जानी ने ‘काला हिरण’ से जुड़े कानूनी विवाद के बीच अपनी अगली फिल्म का ऐलान किया है। वह कश्मीरी आतंकवादी बुरहान वानी पर ‘बुरहान: द टेररिस्ट’ नाम से फिल्म बनाने जा रहे हैं। अमित जानी के मुताबिक, इस फिल्म पर दिसंबर में काम शुरू होगा। उनके प्रोडक्शन हाउस की 2027 में दो फिल्में रिलीज करने की भी योजना है।
जूनियर एनटीआर ने ‘देवरा’ के गाने के एआई से बनाए गए मॉर्फ्ड वीडियो पर नाराजगी जताई है। वीडियो में उनका और जाह्नवी कपूर का चेहरा इस्तेमाल किया गया है। एक्टर ने इसे बेहद आपत्तिजनक बताते हुए वीडियो बनाने और फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की बात कही है। उन्होंने लोगों से वीडियो शेयर न करने की अपील भी की।
विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना फिल्म ‘रणबाली’ को लेकर चर्चा में हैं। मेकर्स ने फिल्म से जुड़े कुछ बीटीएस पल साझा किए हैं, जिसमें विजय ने रश्मिका को अपने अंदाज में ‘क्यूट सैवेज’ बताया। दोनों की बॉन्डिंग देखकर फैंस ने उन्हें ‘पुकी’ कहकर प्रतिक्रिया दी। ‘रणबाली’ में दोनों पहली बार शादी के बाद साथ नजर आएंगे।
जया बच्चन का गुलजार के साथ हंसते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह वीडियो मुंबई में आयोजित एक बुक लॉन्च इवेंट का बताया जा रहा है, जहां जया अपने पति अमिताभ बच्चन और गुलजार के साथ नजर आईं।
यामी गौतम धर अपनी फिल्म ‘नई नवेली’ की रिलीज से पहले पटना साहिब गुरुद्वारे पहुंचीं। उन्होंने वहां मत्था टेका और फिल्म के लिए आशीर्वाद लिया। पटना पहुंचने पर यामी का ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत भी किया गया। ‘नई नवेली’ 16 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है और यह दशहरा के मौके से पहले आएगी।
मुकेश खन्ना फिल्म ‘विश्वगुरु’ से बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि फिल्म की कहानी और उसका संदेश उन्हें पसंद आया, इसलिए उन्होंने ये प्रोजेक्ट चुना। मुकेश ने कहा कि वो खुद काम नहीं तलाशते और अगर अच्छा रोल मिलता है तो उसे करते हैं।
मुश्ताक खान की प्रेयर मीट से राजपाल यादव को भगाए जाने की खबरों पर अब सफाई सामने आई है। कंटेंट क्रिएटर नजमा शेख ने बताया कि वायरल वीडियो का मतलब गलत समझा गया। उनके मुताबिक, राजपाल को वहां से जाने के लिए नहीं कहा गया था। उनका गुस्सा उन लोगों पर था, जो प्रेयर मीट के दौरान सेल्फी और तस्वीरें ले रहे थे।
अरबाज खान मुंबई के एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे, जहां उनसे उनके भाई सलमान खान की हालिया टिप्पणी को लेकर सवाल किया गया। अरबाज ने सवाल का जवाब देने के बजाय कहा, “एक्सक्यूज मी... थैंक यू” और वहां से चले गए।
प्रीति जिंटाने अपने नाम को लेकर गलत जानकारी दिखाए जाने पर गूगल और विकिपीडिया को कानूनी नोटिस भेजा है। रिपोर्ट के मुताबिक, ऑनलाइन उन्हें ‘प्रीतम सिंह’ नाम से जोड़ा जा रहा था। इस गलत नाम की वजह बॉबी देओल का एक पुराना मजाक बताया गया है, जिसमें वह प्रीति को इस नाम से बुलाते थे। अब प्रीति ने गलत जानकारी हटाने की मांग की है।
करण जौहर ने अजय देवगन की फिल्म दृश्यम 3 का रिव्यू किया है। उन्होंने फिल्म को ‘मजेदार’ और ‘लाजवाब’ बताते हुए अजय देवगन और जयदीप अहलावत की एक्टिंग की तारीफ की। करण ने निर्देशक अभिषेक पाठक की भी सराहना की। फिल्म में तब्बू, श्रिया सरन और रजत कपूर भी अहम रोल में हैं।