पाकिस्तान के खिलाफ टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम का हाल पाकिस्तानी गेंदबाजों के आगे बेहाल हो गया। 7वें ओवर में 30 के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया ने अपना पहला विकेट गंवाया। इसके बाद देखते देखते 76 रन पर ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 7 विकेट गंवा दिए।
इसके बाद चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने आईं बेथ मूनी ने किम गेराथ के साथ मोर्चा संभाला और पहले तो टीम को 100 रन के पार पहुंचाया। लेकिन 115 के स्कोर पर गेराथ भी पवेलियन लौट गईं और ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 8 विकेट पर 115 रन हो गया।
आठ विकेट गंवाने के बाद एक छोर थामे खड़ी बेथ मूनी को एलेना किंग का साथ मिला। दोनों ने इसके बाद और कोई विकेट नहीं गिरने दिया। दोनों ने नौवें विकेट के लिए 73 गेंद में अर्धशतकीय और 95 गेंद में शतकीय साझेदारी पूरी कर ली। दोनों के बीच 97 गेंद में 106 रन की साझेदारी हुई। ये साझेदारी पारी की आखिरी गेंद पर टूटी। साझेदारी में मूनी ने 52(48) और किंग ने 51(49) रन का योगदान दिया।
बेथ मूनी ने विकेटों की पतझड़ के बीच ऑस्ट्रेलियाई टीम का एक छोर थामा और 63 गेंद में 4 चौके की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद उन्होंने 110 गेंद में 9 चौकों की मदद से अपने वनडे करियर का पांचवां और यादगार शतक पूरा कर लिया। मूनी ऑस्ट्रेलियाई पारी की अंतिम गेंद पर 109(114) रन बनाकर आउट हुईं।
दसवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आईं एलेना किंग ने बेथ मूनी का साथ आतिशी अंदाज में दिया और अपना अर्धशतक उन्होंने 48 गेंद में 3 चौके और 3 छक्के के साथ पूरा किया। किंग 49 गेंद में 51 रन बनाकर नाबाद रहीं।
बेथ मूनी और एलेना किंग की जोड़ी ने 106 रन की साझेदारी के बल पर महिलाओं के वनडे क्रिकेट इतिहास में नौवें विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी का नया वर्ल्ड रिकॉर्ड कायम कर दिया। इससे पहले ये वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया की एश्ले गार्डनर और किम गेराथ की जोड़ी के नाम दर्ज था। दोनों ने साल 2024 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ नौवें विकेट के लिए 76 रन की साझेदारी की थी।
ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम ने 221/9 रन का स्कोर खड़ा करने के बाद जीत के लिए 222 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तानी टीम को 36.3 ओवर में 112 रन पर ढेर कर दिया और मैच 107 रन के बड़े अंतर से अपने नाम कर लिया। इस मैच में जीत के साथ ही ऑस्ट्रेलियाई टीम अंक तालिका में 3 मैच में 2 जीत और एक मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ने की वजह से पांच अंक के साथ पहले पायदान पर काबिज हो गई। वहीं पाकिस्तानी टीम लगातार तीसरी हार के बाद सबसे आखिरी यानी आठवें पायदान पर काबिज हो गई।
बेथ मूनी को शानदार और यादगार शतकीय पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।