भारतीय घरेलू क्रिकेट में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का आगाज 14 नवंबर 2026 से हो गया। दिग्गज क्रिकेटरों के साथ युवा खिलाड़ी इस मार्की टूर्नामेंट में अपनी छाप छोड़ने को बेताब हैं। ऐसे में चिल्ड्रेन डे के मौके पर 15 साल के वैभव सूर्यवंशी सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बिहार टीम के कप्तान के रूप में मैदान पर उतरे।
सौराष्ट्र के खिलाफ मुकाबले में टॉस के समय मैदान पर उतरते ही वैभव सूर्यवंशी ने विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026 में टॉस के लिए मैदान पर उतरते ही इतिहास रच दिया। वह मेंस टी20 क्रिकेट इतिहास में सबसे कम उम्र में कप्तान बनने वाले खिलाड़ी बन गए।
वैभव सूर्यवंशी को 2026-27 सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के पहले दो मैचों के लिए बिहार का कप्तान बनाया गया है। वह पहले मैच में कप्तानी करने के लिए मैदान पर उतरे। ऐसे में सूर्यवंशी ने यह विश्व रिकॉर्ड अपने नाम किया। उन्होंने क्रोएशिया के खिलाड़ी का रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया।
सूर्यवंशी ने क्रोएशिया के जैक वुकुसिक का रिकॉर्ड तोड़ा। जैक वुकुसिक 17 साल और 311 दिन की उम्र में अपने देश की कप्तानी की थी। वैभव ने 15 साल 7 महीने और 18 दिन में बिहार टीम की कप्तान कर वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। वह टी20 इतिहास में सबसे युवा कप्तान बने। इस लिस्ट में सभी T20 क्रिकेट शामिल हैं, जिसमें घरेलू T20 मैच, फ्रेंचाइजी क्रिकेट और T20I (इंटरनेशनल क्रिकेट) शामिल हैं।
टी20 क्रिकेट इतिहास के पांच सबसे युवा कप्तानों की बात करें तो वैभव सूर्यवंशी (15 साल 232 दिन) पहले स्थान पर हैं। दूसरे नंबर पर क्रोएशिया के जैक वुकुसिक (17 साल 311 दिन) हैं। तीसरे नंबर पर क्वेटा बियर्स के तैमूर अली (17 साल 358 दिन), चौथे नंबर पर तंजानिया के लक्ष बरकानिया (18 साल 5 दिन) और पांचवें स्थान पर फ्रांस के नोमान अमजद (18 साल 24 दिन) काबिज हैं।
बिहार में उनकी कप्तानी सीनियर क्रिकेट में पहली बार होगी, लेकिन सूर्यवंशी पहले भी एज-ग्रुप और रिप्रेजेंटेटिव लेवल पर कप्तानी कर चुके हैं। जनवरी 2026 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की यूथ ODI सीरीज में इंडिया अंडर-19 की कप्तानी की थी। जब रेगुलर कप्तान आयुष महात्रे चोट के कारण उपलब्ध नहीं थे। उन्हें 2026-27 दलीप ट्रॉफी के लिए ईस्ट जोन का वाइस-कैप्टन भी बनाया गया और वे ईशान किशन के डिप्टी भी थे। फाइनल के दौरान जब किशन को चोट की वजह से मैदान छोड़ना पड़ा तो सूर्यवंशी ने कुछ देर के लिए कप्तानी की।
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के पहले मुकाबले में कप्तान वैभव सूर्यवंशी का बल्ला नहीं चला। टॉस जीतकर वैभव ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। वह 12 गेंद पर 18 रन बनाकर चेतन सकारिया का शिकार बने। वैभव ने अपनी छोटी सी पारी में एक छक्का और दो चौका जड़ा।