Shukra Uttara Phalguni Nakshatra 2026: 29 जुलाई 2026 की सुबह 4 बजकर 56 मिनट पर शुक्र ने सिंह राशि में रहते हुए उत्तराफाल्गुनी नक्षत्र में प्रवेश कर लिया है। उत्तराफाल्गुनी नक्षत्र का स्वामी सूर्य है और सूर्य पहले से ही सिंह राशि के स्वामी हैं। ऐसे में सूर्य के नक्षत्र में शुक्र का प्रवेश केवल सुख-सुविधाओं या प्रेम संबंधों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि करियर, लीडरशिप, सामाजिक पहचान, सरकारी क्षेत्र, प्रतिष्ठा और लंबे समय तक फायदा देने वाले अवसरों को भी एक्टिव करता है। पं. सत्यम विष्णु अवस्थी के अनुसार, जब शुक्र सूर्य के नक्षत्र में आते हैं तो व्यक्ति केवल धन कमाने के बारे में नहीं सोचता, बल्कि ऐसा काम करना चाहता है जिससे उसका नाम और पहचान भी बने। उत्तराफाल्गुनी नक्षत्र की ऊर्जा रिश्तों को मजबूत करने, सही लोगों से जोड़ने और मेहनत का स्थायी परिणाम दिलाने वाली मानी जाती है। इसलिए इस गोचर का प्रभाव उन राशियों पर सबसे अधिक दिखाई देता है, जहां सिंह राशि करियर, लाभ, भाग्य, कर्म या केंद्र भाव को सक्रिय कर रही है। ग्रहों की वर्तमान स्थिति के आधार पर कुछ राशि वालों को इस नक्षत्र परिवर्तन का सबसे अच्छा लाभ मिलने की संभावना दिखाई दे रही है।
मेष राशि के लिए सिंह राशि पंचम भाव में आती है। पंचम भाव केवल शिक्षा का नहीं, बल्कि क्रिएटिविटी, नई सोच, पहचान और भविष्य की उपलब्धियों का भाव माना जाता है। अब शुक्र इसी भाव में उत्तराफाल्गुनी नक्षत्र में पहुंच गए हैं, इसलिए आपकी प्रतिभा लोगों की नजर में आ सकती है। अगर आप कंटेंट क्रिएशन, मीडिया, फिल्म, डिजिटल मार्केटिंग, डिजाइनिंग, एजुकेशन, स्पोर्ट्स या एंटरटेनमेंट से जुड़े हैं, तो किसी बड़े प्रोजेक्ट का हिस्सा बनने का मौका मिल सकता है। यदि लंबे समय से आपका कोई आइडिया रुका हुआ था, तो अब उसे सही लोगों का सपोर्ट मिल सकता है। इस दौरान केवल तारीफ सुनकर संतुष्ट न हों। जो अवसर मिले, उन्हें समय पर पूरा करने की कोशिश करें। शुक्रवार को मां लक्ष्मी को सफेद पुष्प अर्पित करें।
मिथुन राशि वालों के लिए शुक्र तीसरे भाव में उत्तराफाल्गुनी नक्षत्र में गोचर कर रहे हैं। तीसरा भाव कम्युनिकेशन, मीडिया, मार्केटिंग, सेल्स, लेखन, डिजिटल प्लेटफॉर्म और नेटवर्किंग से जुड़ा होता है। सूर्य के नक्षत्र का प्रभाव आपकी बातों में भरोसा और प्रभाव दोनों बढ़ा सकता है। अगर आप पत्रकारिता, यूट्यूब, सोशल मीडिया, टीचिंग, पीआर, विज्ञापन, सेल्स या आईटी सेक्टर में हैं, तो किसी बड़े क्लाइंट या सीनियर से जुड़ने का अवसर मिल सकता है। कई लोगों को अचानक इंटरव्यू कॉल, नई जिम्मेदारी या ऐसा प्रोजेक्ट मिल सकता है जो आगे चलकर करियर की दिशा बदल दे, लेकिन इस समय जल्दबाजी में कोई कमिटमेंट न करें। पहले अपनी क्षमता और समय का सही आकलन जरूर करें। बुधवार को गणेश जी की पूजा करें।
शुक्र आपकी ही राशि में उत्तराफाल्गुनी नक्षत्र में हैं। लग्न भाव व्यक्ति की पर्सनैलिटी, कॉन्फिडेंस, निर्णय क्षमता और जीवन की दिशा को प्रभावित करता है। सूर्य के नक्षत्र में शुक्र होने से लोगों के बीच आपकी स्वीकार्यता बढ़ सकती है। अगर आप मैनेजमेंट, राजनीति, सरकारी सेवा, कॉर्पोरेट सेक्टर, फैशन, मीडिया या बिजनेस में हैं, तो आपकी लीडरशिप की सराहना हो सकती है। कोई वरिष्ठ अधिकारी आपको ऐसी जिम्मेदारी दे सकता है जो आगे चलकर प्रमोशन या बेहतर पद का आधार बने। हालांकि इस दौरान अहंकार से बचना जरूरी होगा। टीम को साथ लेकर चलेंगे तो परिणाम और बेहतर मिलेंगे। रविवार को सूर्य को अर्घ्य दें और शुक्रवार को मां लक्ष्मी की पूजा करें।
तुला राशि के स्वामी शुक्र हैं और अब वे आपकी राशि से एकादश भाव में उत्तराफाल्गुनी नक्षत्र में गोचर कर रहे हैं। एकादश भाव इनकम, नेटवर्क, इच्छापूर्ति और बड़े लाभ का भाव माना जाता है। अगर आप बिजनेस, ऑनलाइन प्लेटफॉर्म, कंसल्टेंसी, ट्रेडिंग, कॉर्पोरेट सेक्टर या किसी नेटवर्क आधारित प्रोफेशन में हैं, तो पुराने संपर्क से नया काम मिलने की संभावना है। लंबे समय से अटकी हुई डील आगे बढ़ सकती है या किसी प्रभावशाली व्यक्ति का सहयोग मिल सकता है, लेकिन केवल ज्यादा लाभ देखकर कोई भी समझौता न करें। सभी शर्तें ध्यान से पढ़ने के बाद ही निर्णय लें। शुक्रवार को सफेद मिठाई का दान करें।
धनु राशि वालों के लिए शुक्र नवम भाव में उत्तराफाल्गुनी नक्षत्र में गोचर कर रहे हैं। नवम भाव भाग्य, गुरु, विदेश, हायर एजुकेशन और जीवन के बड़े अवसरों का भाव होता है। सूर्य के नक्षत्र का प्रभाव बताता है कि इस बार भाग्य उन्हीं लोगों का साथ देगा जिन्होंने पहले से तैयारी की है। अगर आप प्रतियोगी परीक्षा, रिसर्च, लॉ, एजुकेशन, इंटरनेशनल बिजनेस, पब्लिशिंग या विदेशी कंपनियों से जुड़े हैं, तो कोई नया अवसर सामने आ सकता है। किसी अनुभवी व्यक्ति का मार्गदर्शन भी भविष्य में बड़ा लाभ दिला सकता है। हालांकि बिना जांचे किसी ऑफर पर भरोसा न करें। हर डॉक्यूमेंट और शर्त को ध्यान से पढ़ें। गुरुवार को भगवान विष्णु की पूजा करें और जरूरतमंद विद्यार्थी की मदद करें।
यहां दी गई जानकारी ज्योतिष शास्त्र पर आधारित है तथा केवल सूचना के लिए दी जा रही है। Times Now Navbharat इसकी पुष्टि नहीं करता है।