शहर

दिल्ली कैब ड्राइवर हत्याकांड की गुत्थी सुलझी, शराब पीकर बनाई थी लूट की योजना; नाबालिग समेत 3 आरोपी गिरफ्तार

Delhi Crime News: पूर्वी दिल्ली के कृष्णा नगर में कैब ड्राइवर विजय कुमार की हत्या की गुत्थी को दिल्ली पुलिस ने सुलझा लिया है। लूटपाट के इरादे से कैब बुक कर ड्राइवर पर चाकू से हमला करने वाले एक नाबालिग समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Image

पुलिस ने सुलझाया ब्लाइंड मर्डर केस (सांकेतिक चित्र)

Photo : iStock

Delhi Crime: पूर्वी दिल्ली के कृष्णा नगर इलाके में हुई कैब ड्राइवर की हत्या के मामले को दिल्ली पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने रविवार को जानकारी देते हुए बताया कि इस ब्लाइंड मर्डर के सिलसिले में एक नाबालिग समेत तीन आरोपियों को पकड़ा गया है, जबकि चौथे आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है।

कार के भीतर खून से लथपथ मिला था शव

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, 23 जुलाई को पुलिस कंट्रोल रूम (PCR) को एक कॉल मिली थी, जिसमें पूर्वी दिल्ली में सड़क किनारे खड़ी एक कार के भीतर एक व्यक्ति के लहूलुहान पड़े होने की सूचना दी गई थी। मृतक की पहचान वेस्ट विनोद नगर निवासी 40 वर्षीय विजय कुमार के रूप में हुई, जो पेशे से कैब ड्राइवर थे।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कई बार चाकू घोंपे जाने से गंभीर रूप से घायल विजय कुमार को तुरंत डॉ. हेडगेवार अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों को पकड़ने के लिए विशेष टीमों का गठन किया।

लूटपाट के लिए रची थी साजिश

जांच के दौरान पकड़े गए आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे किए। आरोपियों ने बताया कि वारदात वाले दिन उन सभी ने एक साथ बैठकर शराब पी थी। इसके बाद आसानी से पैसे कमाने के इरादे से उन्होंने किसी कैब ड्राइवर को लूटने की योजना बनाई। योजना के तहत अमन नाम के आरोपी ने चाकू का इंतजाम किया, जबकि अयान के मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर एक ऐप के जरिए कैब बुक की गई। जैसे ही विजय कुमार कैब लेकर पहुंचा, आरोपियों ने उससे लूटपाट की कोशिश की और विरोध करने पर चाकू से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और फरार चौथे आरोपी को पकड़ने के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article