Bihar News: बिहार के सीवान (Siwan) में बिहार बंद के दौरान पुलिस ने फायरिंग की थी। इस फायरिंग के जो वीडियो सामने आए, उसमें एक जवान एके-47 (AK-47) से फायरिंग करता दिख रहा है। इसे लेकर जमकर हंगामा मचा और अब उस जवान की पहचान हो गई है। जवान का नाम अभिषेक पटेल हैं और वो SIT में तैनात है। बिहार पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अभिषेक पटेल नाम के इस जवान को पटना मुख्यालय से सस्पेंड कर दिया है।
सीवान हिंसा में 25 लोग गिरफ्तार
सीवान मे हुई हिंसा मामले कुल 3 FIR दर्ज की गयी है। अभी तक 25 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अन्य लोगों को भी चिन्हित किया जा रहा है।
बिहार बंद के दौरान हंगामा प्रदर्शन तोड़फोड़ करने वाले प्रदर्शनकारियों पर पटना के साथ-साथ पूरे बिहार में कार्रवाई शुरू हो गई है। कई लोगों को कल रात ना में पेश किया गया और उन्हें जेल भेज दिया गया।
बिहार के किस जिले में कितनी FIR?
25 जुलाई को बिहार बंद के दौरान कुल 17 एफआईआर दर्ज की गईं और 300 लोगों को गिरफ्तार किया गया, हालांकि पटना में 30 महिलाओं और 30 नाबालिगों को छोड़ दिया गया। इस दौरान जिलों के अनुसार दर्ज केस और गिरफ्तारी का आंकड़ा देखा जाए तो पटना में 2 केस दर्ज हुए और सबसे अधिक 139 लोगों की गिरफ्तारी हुई। इसके अलावा सारण में 4 केस के तहत 56 गिरफ्तारियां, भागलपुर में 1 केस में 41, सीवान में 3 केस में 25, किशनगंज में 1 केस में 22, सीतामढ़ी में 4 केस में 13, औरंगाबाद में 1 केस में 3 तथा लखीसराय में 1 केस दर्ज कर 1 व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया।
25 जुलाई को बिहार बंद
बता दें कि नीट प्रश्नपत्र लीक मामले और इसके खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई के विरोध में 25 जुलाई को बिहार बंद बुलाया गया था। बिहार के कई जिलों में वामपंथी छात्र संगठनों के सदस्यों ने सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों की पुलिस के साथ झड़प भी हुई। पुलिस के अनुसार, पटना, सारण, सीवान, औरंगाबाद और भागलपुर में बंद के दौरान हिंसा हुई, जबकि समस्तीपुर, नवादा और नालंदा में प्रदर्शन मुख्य रूप से शांतिपूर्ण रहे थे।
