मुंबई यूनिवर्सिटी, देश की सबसे पुरानी और प्रसिद्ध यूनिवर्सिटी में से एक है। इस विश्वविद्यालय की स्थापना 18 जुलाई 1857 में हुई थी। बता दें कि बॉम्बे एसोसिएशन की याचिका के बाद वुड्स एजुकेशन डिस्पैच के तहत इसकी स्थापना की गई थी और इसके पहले कुलपति यानी वाइस चांसलर जॉन विल्सन को बनाया गया था।
क्या आप जानते हैं कि देश की टॉप विश्वविद्यालयों में शामिल मुंबई यूनिवर्सिटी को विदेश के एक विश्वविद्यालय के तर्ज पर बनाया गया है। जी हां, यह सच है। मुंबई यूनिवर्सिटी को लंदन विश्वविद्यालय के तर्ज पर बनाया गया है। इस विश्वविद्यालय ने भारत की शिक्षा को आकार देने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
आज जिस विश्वविद्यालय को हम मुंबई यूनिवर्सिटी के नाम से जानते हैं, उसे एक समय पर 'बॉम्बे यूनिवर्सिटी' के नाम से जाना जाता था। फिर 1996 में बॉम्बे का नाम बदलकर मुंबई किया और उसी के परिणामस्वरूप महाराष्ट्र सरकार द्वारा एक आधिकारिक अधिसूचना जारी की गई और 4 सितंबर 1996 को बॉम्बे यूनिवर्सिटी का नाम बदलकर मुंबई विश्वविद्यालय कर दिया गया।
मुंबई यूनिवर्सिटी में विभिन्न विषयों में कोर्स उपलब्ध है। इसमें से कुछ में दाखिला कक्षा 12वीं के अंकों के आधार पर होता है तो वहीं कुछ कोर्स में प्रवेश के लिए आपको एंट्रेंस एग्जाम देना अनिवार्य है।इनमें प्रवेश कई प्रकार की राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षाओं के आधार पर मिलता है। यहां एडमिशन के लिए एमएचटी सीईटी, जेईई मेन, नाटा, एनईएसटी, केवीपीवाई आदि परीक्षा में शामिल होना होगा। साथ ही बता दें कि यहां यूजी कोर्स में प्रवेश के लिए उम्मीदवार के 12वीं में कम से कम 45 से 50 प्रतिशत अंक अनिवार्य है, जबकि पीजी कोर्स में प्रवेश के लिए यूजी में 45 से 50 प्रतिशत अंक होने चाहिए।
मुंबई यूनिवर्सिटी के प्लेसमेंट के बारे में बात करें तो यहां यूजी का औसत प्लेसमेंट पैकेज 5.5 से 10 लाख तक का होता है और पीजी के कुछ कोर्स को प्लेसमेंट पैकेज 20 लाख रुपये तक भी जाता है। हालांकि यूनिवर्सिटी से एफिलिएटेड कुछ मैनेजमेंट कॉलेज का पैकेज 30 से 40 लाख तक भी जाता है।
मुंबई यूनिवर्सिटी में 200 से अधिक कोर्स उपलब्ध हैं। लेकिन इसमें से कुछ कोर्स सबसे अधिक प्रसिद्ध हैं, जिसमें प्रवेश के लिए हर साल लाखों उम्मीदवार आवेदन करते हैं। इसमें कॉमर्स, मास मीडिया, मैनेजमेंट, इंजीनियरिंग, लॉ कोर्स शामिल है।
देश की सबसे पुरानी और प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी से कई राजनीतिज्ञ, बिजनेसमैन, एक्टर और अन्य कलाकारों ने शिक्षा प्राप्त की है। इसके पूर्व छात्रों के बारे में बात करें तो यह वही विश्वविद्यालय है, जहां से भारतीय संविधान के निर्माता डॉ. बी. आर अंबेडकर ने 1912 में राजनीति विज्ञान और अर्थशास्त्र की शिक्षा ली थी। उनके अलावा लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक, सरदार वल्लभभाई पटेल, विनायक दामोदर सावरकर, महात्मा गांधी, पीवी नरसिम्हा राव, लाल कृष्ण आडवाणी, मुकेश अंबानी, अजीम प्रेमजी, कुमार मंगलम बिरला, आदि गोदरेज, सुनील गावस्कर, जुबिन मेहता, ऐश्वर्या राय बच्चन, प्रियंका चोपड़ा, जॉ अब्राहम ने ज्ञान अर्जित किया है।