मध्य प्रदेश

Ujjain News: रेलवे स्टेशन पर दिव्यांग से मारपीट, कॉन्स्टेबल को तुरंत प्रभाव से किया गया निलंबित

Ujjain News: नागदा रेलवे स्टेशन पर एक जीआरपी कॉन्स्टेबल ने दिव्यांग व्यक्ति से मारपीट की, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पार्षद प्रकाश जैन की शिकायत पर रेल एसपी रतलाम ने आरोपी कॉन्स्टेबल मानसिंह को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर इंदौर रेल पुलिस लाइन भेज दिया।

Image

उज्जैन में दिव्यांग के साथ मारपीट करता जीआरपी कॉन्स्टेबल

Ujjain News: मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में नागदा रेलवे स्टेशन पर एक दिव्यांग व्यक्ति से मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद पूरे शहर में आक्रोश फैल गया। घटना में शामिल जीआरपी कॉन्स्टेबल के खिलाफ तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे निलंबित कर दिया गया है। मामला उस समय चर्चा में आया जब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को नागदा के पार्षद प्रकाश जैन ने देखा और तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जानकारी दी।

जानकारी के अनुसार, रेलवे स्टेशन परिसर में एक दिव्यांग व्यक्ति जमीन पर लेटा हुआ था। इसी दौरान जीआरपी चौकी में कार्यरत कार्यवाहक हेड कॉन्स्टेबल 318 मानसिंह ने उसके साथ मारपीट कर दी। घटना को किसी यात्री ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया और बाद में सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया, जो कुछ ही घंटों में वायरल हो गया।

वीडियो सामने आते ही यहां से पार्षद जैन ने घटना को गंभीर बताते हुए रेल एसपी रतलाम पद्मविलुचन शुक्ला से संपर्क किया और पूरी घटना से अवगत कराया। उन्होंने दिव्यांग व्यक्ति के साथ हुए दुर्व्यवहार की निंदा करते हुए दोषी कॉन्स्टेबल के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की।

पार्षद जैन की शिकायत पर एसपी रेल ने त्वरित संज्ञान लेते हुए आरोपी कॉन्स्टेबल मानसिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन आदेश जारी होते ही उसे रेल पुलिस लाइन इंदौर भेज दिया गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि रेलवे पुलिस बल में अनुशासनहीनता और नियमों के उल्लंघन को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने भी इस कदम का समर्थन किया है और दिव्यांग व्यक्ति को न्याय दिलाने में तत्परता दिखाने के लिए प्रशासन की तारीफ की है। वहीं, रेलवे पुलिस अधिकारियों ने कहा कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए सख्त निगरानी और संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित किया जाएगा।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article