शहर

रीवा में तेज रफ्तार का तांडव, धूप सेंक रहे युवक को कुचल गई बोलेरो, चार लोग गंभीर

रीवा जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार बोलेरो के अनियंत्रित होने से एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मझगवां गांव में सड़क से उतरकर बोलेरो एक घर में जा घुसी, जिससे घर के बाहर धूप सेंक रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में बोलेरो सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Image

दुर्घटनास्थल पर जमा भीड़

Photo : Times Now Digital

Rewa Accident: मध्य प्रदेश के रीवा जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। बैकुंठपुर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार बोलेरो वाहन बेकाबू होकर सड़क से उतर गया और सीधे एक घर में जा घुसा। इस हादसे में घर के बाहर बैठे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बोलेरो में सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घर के बाहर बैठे युवक को बोलेरो ने कुचला

यह हादसा बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के मझगवां गांव में हुआ। जानकारी के मुताबिक बोलेरो तेज गति में थी और अचानक चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया। अनियंत्रित बोलेरो सड़क से फिसलते हुए एक घर की दीवार से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि घर के बाहर बैठे युवक को संभलने का मौका तक नहीं मिला। हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान मोहम्मद कसरुद्दीन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह ठंड की वजह से घर के बाहर धूप सेक रहा था, तभी तेज रफ्तार वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

चार लोग गंभीर रूप से घायल

इस हादसे में बोलेरो में सवार चार लोग भी गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए रीवा के संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार घायलों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही बैकुंठपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। एडिशनल एसपी संदीप मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार हादसे की वजह मानी जा रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article