शहर

मध्य प्रदेश का मौसम (2 Feb 2026) MP Weather Today: मध्य प्रदेश में फिर सक्रिय हुआ मावठा, 25 जिलों में तड़क-गरज के साथ बरसेंगे बादल, IMD का अलर्ट

मध्य प्रदेश का मौसम (MP में आज का मौसम कैसा रहेगा) 2 Feb 2026: मध्य प्रदेश के आसमान पर बादलों का डेरा है और अगले तीन दिनों तक राहत मिलने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। मौसम विभाग (IMD) ने सोमवार को प्रदेश के 25 जिलों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की चेतावनी जारी की है। आइए जानते हैं मध्य प्रदेश के मौसम का हाल।

Image

तीन दिनों तक होगी बरसात (AI Image)

MP में आज का मौसम (2 Feb 2026): मध्य प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। प्रदेश के कई हिस्सों में मावठे यानी सर्दी की बारिश का दौर शुरू हो गया है और अगले तीन दिनों तक इसका असर बने रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने सोमवार को ग्वालियर से लेकर विंध्य क्षेत्र तक 25 जिलों में बारिश की चेतावनी जारी की है। सुबह के समय घने कोहरे ने भी ठंड बढ़ा दी है, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है।

रविवार को आंधी-बारिश और ओलावृष्टि

रविवार को प्रदेश के कई जिलों में मौसम ने अचानक तेवर दिखाए। नीमच और मंदसौर में तेज आंधी के साथ बारिश हुई और कई इलाकों में ओलावृष्टि दर्ज की गई। कुछ ग्रामीण क्षेत्रों में ओले इतने ज्यादा गिरे कि सड़कों पर सफेदी छा गई। ग्वालियर, धार, मुरैना और उज्जैन समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश रिकॉर्ड की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई और ठंड का असर बढ़ गया।

आज इन इलाकों में बारिश की आशंका

मौसम विभाग के अनुसार आज यानी सोमवार को ग्वालियर, नीमच, मंदसौर, आगर-मालवा, राजगढ़, विदिशा, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, दतिया, श्योपुर, मुरैना, भिंड, सागर, दमोह, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, मैहर, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में बारिश हो सकती है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, रायसेन और सीहोर जैसे जिलों में कोहरे का असर भी बना रह सकता है।

अगले तीन दिन कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग का कहना है कि 3 फरवरी को ग्वालियर-चंबल और विंध्य क्षेत्र के कई जिलों में बारिश जारी रह सकती है। 4 फरवरी को भी कुछ इलाकों में हल्की बारिश के आसार हैं, जबकि 5 फरवरी को आंधी-बारिश का कोई अलर्ट नहीं है। हालांकि इसके बाद ठंड का असर और तेज हो सकता है।

कोहरे से थमी रफ्तार, तापमान में गिरावट

सोमवार सुबह दतिया और खजुराहो समेत कई शहरों में घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता 50 से 200 मीटर तक सिमट गई। भोपाल में भी सुबह के समय कोहरे का असर देखा गया। खजुराहो, राजगढ़ और नौगांव में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। खजुराहो में रात का पारा 7.8 डिग्री तक पहुंच गया।

मौसम सिस्टम के कारण बदले हालात

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश के उत्तरी हिस्से में एक साथ सक्रिय चार अलग-अलग मौसमी सिस्टम के कारण बारिश का सिलसिला बना हुआ है। बीते 24 घंटों में मुरैना, पोरसा, सेंवढ़ा और आगर जैसे इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। विशेषज्ञों का कहना है कि सोमवार और मंगलवार को भी ग्वालियर और चंबल संभाग के जिलों में मौसम अस्थिर रह सकता है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें