MP में आज का मौसम (25 Jan 2026): मध्य प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। सर्दी और कोहरे के बीच गुजर रहे दिनों के बाद अब प्रदेश के कई हिस्सों में बादल, बारिश और गरज-चमक देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग ने 27 और 28 जनवरी को राज्य के लगभग आधे हिस्से के लिए बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। इसका कारण उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय हुआ मजबूत पश्चिमी विक्षोभ है, जिसका असर अब मध्य प्रदेश तक पहुंच रहा है।
मैदानी इलाकों में दिख रहा नए सिस्टम का असर
पश्चिमी विक्षोभ के चलते जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी हुई है, जबकि दिल्ली-एनसीआर, पंजाब और हरियाणा में बारिश के बाद ठंडी हवाओं ने सर्दी को और तीखा कर दिया। यही मौसम प्रणाली अब मध्य प्रदेश में भी असर दिखा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत में सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण और निम्न दबाव क्षेत्र की वजह से प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए हुए हैं और बीते 24 घंटों में ग्वालियर-चंबल अंचल के कुछ जिलों में बारिश भी दर्ज की गई है।
सुबह कोहरा, दिन में बादल बढ़ाएंगे परेशानी
प्रदेश के कई जिलों में सुबह के समय घना और मध्यम कोहरा लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहा है। ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, रीवा और बुंदेलखंड के इलाकों में दृश्यता काफी कम रही, जिससे सड़क पर चलना चुनौती भरा हो गया। भोपाल समेत आसपास के जिलों में भी हल्का कोहरा छाया रहा। शनिवार को भी कई जगहों पर तेज हवाएं चलीं और दिनभर बादल बने रहे, जिससे ठंडक का एहसास बना रहा।
महीने के अंत में फिर ठंड की दस्तक
मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों तक तेज ठंड से राहत मिलेगी, लेकिन जनवरी के आखिरी दिनों में सर्दी का एक और दौर देखने को मिल सकता है। शनिवार शाम नरसिंहपुर के सालीचौका इलाके में अचानक हुई तेज बारिश ने लोगों को चौंका दिया, जिससे सड़कों पर फिसलन बढ़ गई। कुल मिलाकर, मध्य प्रदेश में आने वाले दिन मौसम के लिहाज से उतार-चढ़ाव भरे रहने वाले हैं और लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
