मध्य प्रदेश

Rewa News: युवा कांग्रेस नेता का नशीला पदार्थ बेचते वीडियो वायरल, पार्टी ने 6 साल के लिए किया बाहर

Rewa News: मध्य प्रदेश के रीवा में युवा कांग्रेस नेता अवनीश सिंह गहरवार का नशीला पदार्थ बेचते हुए वीडियो वायरल होने के बाद पार्टी ने उन्हें छह वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया। वीडियो में वह कोरेक्स सिरप और ब्राउन शुगर बेचते दिखाई दे रहे हैं। यह मामला पुलिस की निगरानी और तराई अंचल में बढ़ते नशे के कारोबार पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

Image

युवा कांग्रेस नेता का नशीला पदार्थ बेचते हुए वीडियो वायरल

Rewa News: एक कहावत है कि जब सईयां भये कोतवाल तो अब डर काहे का। ऐसा ही कुछ देखने को मिला है मध्य प्रदेश के रीवा जिले में। नेताओं पर समाज को आगे बढ़ाने और अच्छे रास्ते पर ले जाने की जिम्मेदारी होती है। लेकिन जब नेता ही नशे के कारोबार में लिप्त हों तो फिर समाज का भगवान ही मालिक है। यहां कांग्रेस का एक युवा नेता नशीला पदार्थ बेचते हुए कैमरे में कैद हुआ और उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

गौरतलब है कि रीवा जिले के तराई अंचल में नशे का कारोबार लगातार फल-फूल रहा है। अब इस अवैध गतिविधि में राजनीतिक जुड़ाव सामने आने से स्थानीय प्रशासन और राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मचा गया है। सिरमौर क्षेत्र के युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष अवनीश सिंह गहरवार का नशीला पदार्थ बेचते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पार्टी ने तत्काल कड़ी कार्रवाई करते हुए गहरवार को छह साल के लिए कांग्रेस से निष्कासित कर दिया है।

वायरल वीडियो में अवनीश सिंह गहरवार सफेद हाफ शर्ट और हाफ पैंट में नजर आ रहे हैं। वीडियो में उन्हें कथित रूप से कोरेक्स सिरप और ब्राउन शुगर जैसी प्रतिबंधित सामग्री बेचते हुए देखा जा सकता है। जैसे ही यह वीडियो सामने आया, सोशल मीडिया पर इस मामले को लेकर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली। गहरवार की पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह और मऊगंज के पूर्व विधायक सुखेंद्र सिंह के साथ कई पुरानी तस्वीरें भी वायरल हो रही हैं, जिससे विवाद और गहराता जा रहा है।

गहरवार का यह वीडियो वायरल होने के बाद कांग्रेस संगठन ने साफ कर दिया कि पार्टी किसी भी अवैध गतिविधि में शामिल व्यक्ति के साथ खड़ी नहीं होगी। दूसरी तरफ, यह सवाल भी उठ रहे हैं कि जब पुलिस लगातार नशे के खिलाफ अभियान चला रही है, तो इतनी बड़ी गतिविधि की जानकारी उन्हें कैसे नहीं मिली।

Makarand Kale
मकरंद कालेauthor

सुखदुःखे समे कृत्वा लाभालाभौ जयाजयौ।\nततो युद्धाय युज्यस्व नैवं पापमवाप्स्यसि\n\nसाल 2008 में by chance journalist बना। 2013 से by choice journalist हूं। कहते हैं ना कि अच्छे काम में पहले बहुत परेशानियां आती हैं। और बाद में उसी की आदत पड़ जाती है।

और पढ़ें
End of Article