Panna News: जंगल का डर अब शहर की सीमा तक पहुंच गया है। पन्ना, जो अपने समृद्ध वन्यजीव जीवन के लिए मशहूर है, अब एक खतरनाक सियार की वजह से दहशत में है। आज पवई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के वाहन चालक जुम्मन मोहम्मद रोज की तरह नदी किनारे शौच के लिए गए थे, तभी एक आक्रामक सियार ने उन पर अचानक हमला कर दिया।
सियार ने सबसे पहले एक चरवाहे की बकरी पर हमला किया और उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। जब जुम्मन मदद के लिए आगे बढ़े, तो सियार ने उन पर भी झपट्टा बोला। उनकी चीख-पुकार सुनकर पास के खेत में काम कर रहे कमलेश कोरी मदद के लिए दौड़े, लेकिन सियार ने उन पर भी हमला कर दिया।
खुशकिस्मती रही कि शोर सुनकर सियार जंगल की तरफ भाग गया, लेकिन इस घटना ने पूरे इलाके में डर और दहशत फैला दी है। घायल जुम्मन और कमलेश को वन विभाग की टीम ने पवई स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।
विभाग ने उन्हें आर्थिक सहायता प्रदान की और हर संभव चिकित्सा सुविधा का भरोसा दिया है, लेकिन अब सवाल यह उठता है कि क्या वन विभाग इस खतरनाक सियार की दहशत को रोक पाएगा, क्योंकि आसपास के लोग भय के साये में जीने को मजबूर हैं।
