ग्वालियर अंचल में बदमाशों के हौंसले बुलंद हैं। बदमाश अब पुलिस वालों को भी नहीं बख्श रहे हैं। ताजा मामला मुरैना के जनकपुर गांव का है, जहां ग्वालियर के महाराजपुरा थाने की एक टीम हत्या के प्रयास के आरोपियों को पकड़ने गई थी। बताया जाता है कि पुलिस पार्टी को गांव में आता देख बदमाशों और उनके परिजन ने फायर कर दिया। इस घटना में एक आरक्षक अनिल तोमर को पैर में गोली लगी है। घायल आरक्षक को मुरैना अस्पताल से ग्वालियर रेफर किया गया है, यहां उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल आरक्षक की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
गौरतलब है कि महाराजपुरा थाना क्षेत्र में 15 दिन पहले एक युवक पर 6 से 7 बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया था। इस घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था और वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस ने इस मामले में हड्डु गुर्जर, अंकित गुर्जर और उनके परिजनों के विरुद्ध हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था। फरार आरोपी मुरैना के जनकपुर गांव निवासी बताए गए थे। बुधवार को महाराजपुरा थाने की एक 7 सदस्यीय टीम मुरैना में सिविल लाइंस थाना अंतर्गत जनकपुर गांव आरोपियों को दबोचने पहुंची थी।
बताया गया है कि पुलिस पार्टी को गांव में आता देख बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। इस घटना में आरक्षक अनिल तोमर के पैर में गोली जा धसी। बदमाशों को पकड़ने गई पुलिस पार्टी घायल आरक्षक को लेकर अपनी जान बचाकर उल्टे पैर भागी। घायलावस्था में आरक्षक को मुरैना के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, प्राथमिक उपचार के बाद घायल आरक्षक को ग्वालियर रेफर कर दिया गया। जहां निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल आरक्षक की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। फरार बदमाशों के आपराधिक रिकॉर्ड बताए जा रहे हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल पहुंच रहे हैं और घायल आरक्षक की कुशलक्षेम जान रहे हैं। अगर बात करें पिछले दो महीनों में ग्वालियर अंचल में पुलिसकर्मियों पर हुए हमले की। तो दो महीने में यह दूसरा मामला है जिसमें बदमाशों ने पुलिसकर्मी को गोली मारकर घायल कर दिया है। इससे पहले 18 सितंबर को ग्वालियर में घाटीगांव हाइवे पर बाइक सवार आरक्षक प्रमोद त्यागी को गोली मारकर बाइक सवार बदमाशों ने लूट लिया है। प्रमोद मुरैना निवासी था और इंदौर में पदस्थ था। वह अपने बीमार पिता को देखने बाईक पर सवार होकर सड़क मार्ग से मुरैना जा रहा था। तभी बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया था।
