महंगा सोफा। डिजाइनर डाइनिंग टेबल। महंगी लाइटिंग। फिर भी घर में वह क्लास और एलिगेंस नहीं दिखता, जिसकी आपने उम्मीद की थी। इंटीरियर डिजाइनर मानते हैं कि खूबसूरत घर सिर्फ महंगी चीजों से नहीं बनता। सही रंग, संतुलन, रोशनी और साफ-सफाई जैसी छोटी-छोटी बातें ही किसी घर को प्रीमियम लुक देती हैं। आइए जानते हैं, वे कौन सी गलतियां हैं जिनकी वजह से महंगे फर्नीचर के बाद भी घर सस्ता दिखने लगता है:
हर चीज का एक साथ दिखना
कई लोग घर में सजावट की हर पसंदीदा चीज एक साथ रख देते हैं। बड़ा सोफा, भारी सेंटर टेबल, कई शोपीस और रंग-बिरंगे कुशन। इससे कमरा भरा-भरा और बिखरा हुआ लगता है। डिजाइन एक्सपर्ट कहते हैं कि 'लेस इज मोर' का नियम अपनाइए। कमरे को थोड़ा खुला रहने दें। खाली जगह भी डिजाइन का हिस्सा होती है।
गलत लाइटिंग बिगाड़ देती है पूरा लुक
अगर कमरे में सिर्फ एक तेज सफेद एलईडी जल रही है, तो सबसे महंगा फर्नीचर भी फीका लग सकता है। लेयर्ड लाइटिंग अपनाएं। सीलिंग लाइट के साथ फ्लोर लैंप, टेबल लैंप या वॉर्म लाइट का इस्तेमाल करें। इससे कमरे में गहराई आती है और फर्नीचर ज्यादा आकर्षक दिखता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: ऑफिस के लिए परफ्यूम चुनते वक्त इन बातों का रखें ध्यान
गलत कलर कॉम्बिनेशन
कई बार लोग महंगे फर्नीचर पर तो खूब खर्च करते हैं, लेकिन पुराने पर्दे, गलत रंग की दीवारें या बेमेल कुशन नहीं बदलते। एक्सपर्ट्स कहते हैं कि कमरे का पूरा लुक तभी निखरता है जब फर्नीचर, पर्दे, दीवारों के रंग और कारपेट एक-दूसरे के साथ तालमेल में हों। कलर बैलेंस ही घर को प्रीमियम फील कराता है।
तार, छोटे सामान और बिखराव
महंगे घरों की सबसे बड़ी पहचान उनकी साफ-सुथरी व्यवस्था होती है। टीवी के बाहर लटकते तार, चार्जर, अखबारों का ढेर, बिखरे जूते या हर जगह रखे छोटे-छोटे सामान पूरे लुक को खराब कर देते हैं। डिजाइनर्स कहते हैं कि क्लटर सबसे महंगे इंटीरियर का भी दुश्मन होता है।
कीमत से नहीं बढ़ता घर का लुक
कई लोग हर चीज अलग-अलग पसंद करके खरीद लेते हैं। नतीजा यह होता है कि घर किसी फर्नीचर शोरूम जैसा लगने लगता है, घर जैसा नहीं। हर कमरे का एक थीम, रंग और डिजाइन लैंग्वेज तय करें। आधुनिक, क्लासिक, मिनिमल या इंडियन, जो भी स्टाइल चुनें, उसी के हिसाब से फर्नीचर और सजावट का चुनाव करें। घर की खूबसूरती कीमत से नहीं, सोच से बनती है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: मानसून में ना करें ये गलतियां, बिगड़ जाएगा आपका लुक
इंटीरियर डिजाइन की दुनिया में एक बात हमेशा कही जाती है। सुंदर घर वो नहीं होता जहां महंगी चीजें हों, वो होता है जहां चीजें सही तरह से चुनी गई हों। इसीलिए अगर आपका घर महंगे फर्नीचर के बावजूद 'चीप' लगता है, तो आपको सजावट के नजरिए को बदलने की जरूरत है।
