लाइफस्टाइल

कौन है वो संगीतकार जिसकी बनाई धुन देगी रिपब्लिक डे पर सुनाई, वंदेमातरम के 150 साल पूरे होने पर मिला सम्मान

गणतंत्र दिवस 2026 की परेड पर देश के एक प्रतिष्ठित संगीतकार की धुन सुनाई देने वाली है। यह म्यूजिशन विदेशों में भी अपनी धाक जमा चुका है और कई सुपरहिट फिल्मों में उनका संगीत सुनाई दिया है। ये मौका और भी खास हो जाता है क्योंकि ये जिम्मेदारी उनको वंदेमातरम के 150 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में दी गई है। इस संगीतकार को भारत सरकार की ओर से पद्म श्री से भी नवाजा जा चुका है।

M M Keeravani, ​एम.एम. कीरावणी​ कौन हैं

एम.एम. कीरावणी कौन हैं

Republic Day Parade 2026 Music: 26 जनवरी 2026 को देश 77वां गणतंत्र दिवस मनाने जा रहा है और इस बार कर्तव्य पथ पर होने वाली सांस्कृतिक प्रस्तुति खास तौर पर ऐतिहासिक बनने वाली है। ‘वंदे मातरम’ गीत के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर ऑस्कर विजेता संगीतकार एम.एम. कीरावणी को गणतंत्र दिवस परेड के लिए विशेष संगीत रचना करने का सम्मान मिला है। यह प्रस्तुति भारतीय संगीत, संस्कृति और राष्ट्रीय गौरव का भव्य संगम होगी।

गणतंत्र दिवस 2026 के लिए संगीत बना रहे कीरावणी

एम.एम. कीरावणी देश के उन चुनिंदा संगीतकारों में शामिल हैं, जिन्होंने भारतीय संगीत को वैश्विक पहचान दिलाई है। फिल्म RRR के गीत नाटू नाटू (हिंदी में नाचो नाचो) के लिए ऑस्कर जीतने के बाद उनकी अंतरराष्ट्रीय ख्याति और भी बढ़ी। अब उन्हें राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम की 150वीं वर्षगांठ पर विशेष धुन तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जो अपने आप में एक ऐतिहासिक उपलब्धि मानी जा रही है।

कीरावणी का पूरा नाम क्या है

एम.एम. कीरावणी (पूरा नाम कोदुरी मारा कथमनी कीरावाणी) एक प्रसिद्ध भारतीय संगीतकार, गायक और गीतकार हैं। वे खासकर तेलुगु सिनेमा के लिए अपने फिल्मी संगीत के लिए जाने जाते हैं, लेकिन हिंदी, तमिल, कन्नड़ और मलयालम फिल्मों में भी उन्होंने काम किया है। वह बाहुबली, RRR जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्में बनाने वाले डायरेक्टर राजामौली के कजन हैं।

4 जुलाई 1961 को आंध्र प्रदेश के कोव्वुर में जन्मे और 1990 के दशक से फिल्म इंडस्ट्री में सक्रिय हैं। वह भावनात्मक, शास्त्रीय और भव्य संगीत रचनाओं के लिए जाने जाते हैं। बाहुबली जैसी ऐतिहासिक फिल्मों का शक्तिशाली बैकग्राउंड स्कोर और गीत उनकी संगीत क्षमता का बेहतरीन उदाहरण है। उनके संगीत करियर में कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सम्मान शामिल हैं, जिनमें ऑस्कर, गोल्डन ग्लोब, क्रिटिक्स च्वाइस अवॉर्ड और कई फिल्मफेयर और नंदी अवॉर्ड्स शामिल हैं।

संगीत के क्षेत्र में उनके योगदान को देखते हुए भारत सरकार ने उन्हें 2023 में पद्म श्री सम्मान से नवाजा। सरल शब्दों में कहें तो एम.एम. कीरावणी भारतीय संगीत की वह सशक्त आवाज हैं, जिन्होंने देश की धुनों को विश्व मंच तक पहुँचाया है।

रिपब्लिक डे पर 2500 कलाकारों की होगी भव्य प्रस्तुति

वहीं गणतंत्र दिवस 2026 के विशेष कार्यक्रम में देशभर से लगभग 2500 कलाकार हिस्सा लेंगे। इसी दौरान एम.एम. कीरावणी की बनाई धुन भी सुनाई देगी।

थीम में झलकेगा राष्ट्रभाव

बता दें कि गणतंत्र दिवस 2026 की थीम वंदे मातरम और आत्मनिर्भर भारत रखी गई है। संगीत के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम की भावना, मातृभूमि के प्रति समर्पण और आत्मनिर्भर भारत की संकल्पना को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा। एम.एम. कीरावणी की अगुवाई में यह प्रस्तुति राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक गौरव और देशप्रेम का सशक्त संदेश देगी।

नए साल 2026 की ढेरों शुभकामनाएं। हमारे साथ देखें नए साल के खास बधाई संदेश, नए साल के संस्कृत शुभेच्छा संदेश, घर के बड़ों को हैपी न्यू ईयर कैसे कहें, न्यू ईयर विशेज फॉर हस्बैंड, वाइफ, बॉस, लव, नए साल के मोटिवेशनल बधाई संदेश, नए साल की देशभक्ति भरी विशेज। पढ़ें हैपी न्यू ईयर का जवाब कैसे दें। साथ ही देखें आज का राशिफल

मेधा चावला
मेधा चावला author

मेधा चावला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर एसोसिएट एडिटर हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन की लीड हैं। लाइफस्टाइल पत्रकारिता में 20 वर्षों का अनुभव रखने वा... और देखें

End of Article