ढाका: भारतीय फुटबॉल टीम ने बुधवार को यहां खेले गए ग्रुप बी के मुकाबले में मालदीव को 1-0 से हराकर दक्षिण एशियाई फुटबॉल महासंघ (सैफ) चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में जगह बना ली। भारत की ओर से सुहैल अहमद भट ने पहले हाफ में गोल करके टीम को जीत दिलाई। सुहैल अहमद ने मैच के 38वें मिनट में पेनल्टी पर गोल दागकर भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई। यही गोल मैच में निर्णायक साबित हुआ।
टॉप पर पहुंचने के लिए भारत को थी ड्रॉ की जरूरत
इससे पहले अब्दुल रबीह को विपक्षी टीम के खिलाड़ी ने पेनल्टी बॉक्स में फाउल किया था जिसके बाद भारत को पेनल्टी मिली। इस मुकाबले से पहले भारत को सेमीफाइनल में जगह पक्की करने और ग्रुप बी में शीर्ष स्थान हासिल करने के लिए कम से कम ड्रॉ की जरूरत थी। टीम ने जीत दर्ज करके दोनों लक्ष्य हासिल कर लिए।
दूसरे दर्जे के खिलाड़ियों के साथ उतरा है भारत
इस ग्रुप से पाकिस्तान मालदीव को 3-0 से हराकर पहले ही सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर चुका है। उसके तीन अंक हैं और गोल अंतर प्लस दो का गोल है। अंडर-23 टीम के कोच नौशाद मूसा के मार्गदर्शन में भारतीय टीम इस टूर्नामेंट में युवा खिलाड़ियों के साथ उतर रही है क्योंकि सीनियर भारतीय टीम को न्यूजीलैंड के खिलाफ मैत्री मुकाबले खेलने हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: मुंबई क्रिकेट संघ म्यूजियम को सचिन तेंदुलकर भेंट करेंगे ऐतिहासिक बल्ले और यादगार वस्तुएं
ग्रुप बी में पहले पायदान पर पहुंचा भारत
बांग्लादेश के ढाका में चल रही सैफ चैंपियनशिप 2026 में भारतीय पुरुष फुटबॉल टीम ने अब तक अजेय रहते हुए ग्रुप बी में शीर्ष स्थान (6 अंक) हासिल किया है और सेमीफाइनल में जगह बना ली है। भारत ने इससे पहले पाकिस्तान के खिलाफ 3-2 के अंतर से जीत दर्ज की थी। इसके बाद अपने जीत के सिलसिले को मालदीव के खिलाफ जारी रखा है।
