क्रिकेट

U19 Asia Cup 2026: भारत और अफगानिस्तान के बीच सेमीफाइनल मुकाबला आज, आर्यवीर सहवाग पर होगी नजर

भारत और अफगानिस्तान की टीमों के बीच अंडर-19 एशिया कप सेमीफाइनल में गुरुवार को भिड़ंत होने जा रही है। इस मुकाबले में भी सबकी नजरें आर्यवीर सहवाग पर रहेगी।

Image

भारत बनाम अफगानिस्तान, अंडर-19 एशिया कप सेमीफाइनल मैच प्रीव्यू (फोटो क्रेडिट BCCI)

अल अमेरात: पिछले मैच में शतक ठोककर सुर्खियां बटोरने वाले आर्यवीर सहवाग अफगानिस्तान के खिलाफ गुरुवार को होने वाले पुरुषों के अंडर-19 एशिया कप सेमीफाइनल में आकर्षण का केंद्र होंगे। पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर ने टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाए हैं। उन्होंने ग्रुप ए के अपने आखिरी मैच में यूएई के खिलाफ 168 गेंद पर 160 रन बनाए और इस तरह से भारत को 70 रन से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

आर्यवीर सहवाग हैं शानदार फॉर्म में

सहवाग ने अभी तक तीन पारियों में नाबाद 70, 22 और 160 रन बनाए हैं। इस तरह से वह अभी तक 252 रन बना चुके हैं। भारत ने ग्रुप चरण में नेपाल और यूएई को हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की लेकिन उसे अपने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से तीन विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। आर्यवीर के अलावा अर्जुन राजपूत ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ 107 रन बनाए। तेज गेंदबाज ईशान सूद और बाएं हाथ के स्पिनर मनल चौहान ने भी शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने क्रमशः आठ और पांच विकेट लिए हैं। भारत को ग्रुप बी में शीर्ष पर रहे अफगानिस्तान के खिलाफ इन दोनों से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी।

फैसल रहीमी और सुभान जखैल ने अफगानिस्तान के लिए मचाया है धमाल

अफगानिस्तान के लिए बल्लेबाजी में फैसल रहीमी और सुभान जखैल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, जबकि नूर अली 13 विकेट लेकर सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज साबित हुए हैं। आमिर हमजा ने भी पांच विकेट लिए हैं। नेपाल के खिलाफ जीत में भारत के गेंदबाजी आक्रमण का अहम योगदान रहा, जिसने विपक्षी टीम को 128 रन पर आउट कर दिया था। इसके बाद कप्तान लक्ष्य रायचंदानी और सहवाग ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को आसान जीत दिलाई थी। यूएई के खिलाफ भी भारत के बल्लेबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया और आर्यवीर की बड़ी पारी की मदद से सात विकेट पर 309 रन बनाए थे।

पाकिस्तान के खिलाफ कमजोर नजर आई थी भारतीय बल्लेबाजी

पाकिस्तान के मजबूत गेंदबाजी आक्रमण के सामने हालांकि भारत की बल्लेबाजी कमजोर नजर आई और टीम 208 रन पर आउट हो गई। अफगानिस्तान के दमदार गेंदबाजी आक्रमण के सामने भी भारत के शीर्ष क्रम की कड़ी परीक्षा होगी। भारत ने अंडर-19 एशिया कप रिकॉर्ड आठ बार जीता है, जिसमें एक संयुक्त खिताब भी शामिल है। भारतीय टीम एक बार फिर से फाइनल में पहुंचने के लिए प्रतिबद्ध होगी।

टीम इस प्रकार हैं:

भारत अंडर-19 टीम:

लक्ष्य राजेश रायचंदानी (कप्तान), आर्यवीर सहवाग, वीके विनीत, अर्जुन राजपूत, यशबर्धन चौहान, अन्वय द्रविड़ (विकेटकीपर), मनल चौहान, मोहित उलवा, आर्यन सवसानी, काव्या पटेल, ईशान सूद, यशवीर गौड़, कुशाग्र ओझा, रजत बघेल, शाविन विनोद।

अफगानिस्तान अंडर-19 टीम:

अबिदुल्ला नादरजान, फरीदुल्लाह इहसास, सुभान जखैल, नोमान सलारजई (विकेटकीपर), शाह फैसल रहीमी, ताहिर सरवरी, अमीर हमजा, सोहेल खान (कप्तान), मोहम्मद अली, अब्दुल्ला हमदर्द, नूर अली नियाजी, सामी मुबारेज, बिलाल सलीमनखिल, लुत्फुल्लाह मोहम्मदी, इमरान मोहम्मदी, सुभान अली, फरीद जादरान, फैसल मुबारिज, अबिदुल्ला आबिद, हमजा खान अलीखिल।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article