देश

'घर के बाहर पुलिस का पहरा, जासूसी हो रही है...' टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी ने कोलकाता पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

अभिषेक बनर्जी ने दावा किया कि उन पर एक और हमले की साजिश रची जा रही है। इस बीच, पुलिस के निर्देश पर बनर्जी के घर के बाहर बना एक अस्थायी शेड हटा दिया गया।

Image

तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी

तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने बुधवार को आरोप लगाया कि कोलकाता पुलिस के जवान दक्षिण कोलकाता के कालीघाट स्थित उनके आवास के आसपास की निगरानी कर रहे हैं। बनर्जी ने दावा किया कि उन पर एक और हमले की साजिश रची जा रही है। इस बीच, पुलिस के निर्देश पर बनर्जी के घर के बाहर बना एक अस्थायी शेड हटा दिया गया।

डायमंड हार्बर से लोकसभा सदस्य बनर्जी ने ’एक्स’ पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी उनके आवास के पास सरकारी वाहनों का इस्तेमाल करके नजर रख रहे हैं और उनकी अनधिकृत तरीके से निगरानी की जा रही है।

बनर्जी की ओर से वीडियो साझा किए जाने के घंटों बाद कुछ मजदूरों को उनके घर के बाहर बने अस्थायी टिन शेड को हटाते हुए देखा गया। खबरों के मुताबिक, यह ढांचा फुटपाथ पर अतिक्रमण करके बनाया गया था।तृणमूल सांसद ने पोस्ट में दावा किया कि पिछले हफ्ते भी इसी तरह की निगरानी की गई थी।बनर्जी के अनुसार, यह घटना सात नवंबर को उनके जन्मदिन के जश्न के दौरान उनके आवास पर लोगों के एक समूह की ओर से किए गए हमले से एक दिन पहले हुई थी।

तृणमूल महासचिव ने आरोप लगाया कि घटना के चार दिन बाद भी पुलिस इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। उन्होंने कहा, 'कोलकाता पुलिस के अधिकारी एक बार फिर मेरे घर के आसपास और मुझ पर नजर रखने के लिए गाड़ियों का इस्तेमाल कर रहे हैं।'

बनर्जी ने कहा, 'मेरे पास यह मानने के ठोस कारण हैं कि एक और हमले की योजना बनाई जा रही है।'उन्होंने सवाल उठाया कि क्या इसका उद्देश्य उन्हें डराना और उनकी आवाज को दबाना है।

'मोटरसाइकिल पर सफेद हेलमेट पहने दो व्यक्ति दिखाई दे रहे हैं'

बनर्जी की ओर से पोस्ट किए गए वीडियो में उनके आवास के पास एक मोटरसाइकिल पर सफेद हेलमेट पहने दो व्यक्ति दिखाई दे रहे हैं।

वीडियो में घर के पास कोलकाता पुलिस के निशान वाली एक और मोटरसाइकिल खड़ी दिखाई दे रही है, जबकि उसके बगल में एक व्यक्ति खड़ा होकर घर की ओर देखते हुए मोबाइल फोन पर बात करा है।बनर्जी ने पुलिस तंत्र के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए सवाल किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार उनकी आवाज से क्यों डर रही है। उन्होंने प्रशासन पर बार-बार शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई न करने का आरोप लगाया।

तृणमूल सांसद के ये आरोप सात नवंबर को उनके जन्मदिन के जश्न के दौरान उनके कालीघाट स्थित आवास के बाहर तनाव पैदा होने के चार दिन बाद सामने आए हैं।बनर्जी ने पूर्व में उनकी हत्या की साजिश रचे जाने का दावा किया था। उन्होंने भाजपा पर अशांति पैदा करने की कोशिश करने का आरोप लगाया था।पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी इस घटना को लेकर भाजपा की आलोचना की थी।तृणमूल नेतृत्व के करीबी माने जाने वाले पार्टी विधायक कुणाल घोष ने अभिषेक बनर्जी की चिंताओं का समर्थन किया।

भाजपा के वरिष्ठ नेता और विधायक रितेश तिवारी ने कहा कि तृणमूल ने अपने 15 साल के शासनकाल में राजनीतिक उद्देश्यों को पूरा करने के लिए पुलिस का इस्तेमाल किया।हालांकि, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के नेता सुजान चक्रवर्ती ने कहा कि पुलिस को इस मामले की जांच करनी चाहिए, न कि इसे राजनीतिक विवाद का रूप देना चाहिए।

'अभिषेक हर दिन अपने आवास पर हमलों को लेकर आशंकाएं नहीं जता सकते'

उन्होंने कहा, 'अभिषेक बनर्जी हर दिन अपने आवास पर हमलों को लेकर आशंकाएं नहीं जता सकते और हर बार राजनीतिक प्रतिक्रिया की उम्मीद नहीं कर सकते। पुलिस को इसकी जांच करने दें।'कांग्रेस की पश्चिम बंगाल इकाई के प्रवक्ता सुमन रॉय चौधरी ने कहा कि अगर तृणमूल सांसद ने किसी कानून का उल्लंघन किया है, तो इस मामले से राजनीतिक रूप से प्रेरित कार्रवाई के बजाय कानूनी प्रक्रिया के जरिये निपटा जाना चाहिए।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article