शहर

गोवा में 3 साल की बच्ची से दुष्कर्म का मामला, 36 घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस के हत्थे चढ़ा आरोपी

गोवा पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण किया गया और मानव खुफिया तंत्र (ह्यूमन इंटेलिजेंस) की मदद से महत्वपूर्ण सुराग जुटाए गए।

Image

प्रतीकात्मक फोटो

गोवा पुलिस की मापुसा इकाई ने 3 से 4 वर्ष की एक बच्ची के साथ कथित यौन उत्पीड़न के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि यह मामला पूरी तरह से ब्लाइंड केस था, जिसमें न तो शुरुआत में आरोपी की पहचान थी और न ही घटना की पूरी जानकारी उपलब्ध थी। पुलिस के अनुसार, 9 नवंबर 2026 को मापुसा पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (BNS), गोवा चिल्ड्रेन एक्ट और पॉक्सो एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा नाबालिग बच्ची के साथ यौन उत्पीड़न किए जाने का आरोप था।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान पुंडलिक करियप्पा गुडगे के रूप में हुई है। वह वर्तमान में मापुसा, बारदेज का निवासी था और मूलरूप से कर्नाटक के धारवाड़ जिले के ह्याबल्ली क्षेत्र का रहने वाला है।

जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण किया गया

पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण किया गया और मानव खुफिया तंत्र की मदद से महत्वपूर्ण सुराग जुटाए गए। जांच में सबसे पहले बच्ची और उसके परिवार की पहचान की गई। इसके बाद उस दिन की घटनाओं की कड़ी जोड़ी गई, जब बच्ची अपने पिता से बिछड़ गई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि मापुसा टैक्सी स्टैंड के पास एक विवाद हुआ था, जहां बच्ची, उसके पिता और उनके कुछ परिचित मौजूद थे। पुलिस ने वहां मौजूद सभी लोगों की जांच की। इसी दौरान एक व्यक्ति की पहचान सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे संदिग्ध से मेल खाती पाई गई। फुटेज में आरोपी बच्ची के साथ उस गली में जाता दिखाई दिया, जहां कथित अपराध को अंजाम दिया गया था। इसके बाद पुलिस ने उसकी पहचान सुनिश्चित कर ली।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 'मुझ पर बुलडोजर चला दो, लेकिन...' ममता का BJP पर हमला

आरोपी घटना के बाद मापुसा बस स्टैंड क्षेत्र से फरार हो गया था

पुलिस के मुताबिक, आरोपी घटना के बाद मापुसा बस स्टैंड क्षेत्र से फरार हो गया था हो गया था, जबकि अन्य सभी लोग वहीं मौजूद मिले। इसके बाद जिला पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीमों ने राज्यभर के बाजारों, बस अड्डों और रेलवे स्टेशनों पर उसकी तलाश शुरू की। करीब 36 घंटे तक चले सघन खोज अभियान के बाद आरोपी को पणजी में देखा गया, जहां से उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया

पुलिस ने बताया कि आरोपी को बुधवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ के दौरान अपराध स्वीकार कर लिया है। हालांकि, मामले में अन्य साक्ष्य जुटाने और सभी पहलुओं की पुष्टि के लिए जांच जारी है।गोवा पुलिस ने कहा कि मामले में सभी जरूरी साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं ताकि अदालत में मजबूत चार्जशीट दाखिल की जा सके और मुकदमे की सुनवाई तेजी से हो सके। इस पूरे अभियान का नेतृत्व मापुसा पुलिस स्टेशन और उत्तरी जिला पुलिस की टीमों ने किया। जांच की निगरानी उत्तरी जिला पुलिस अधीक्षक राहुल गुप्ता और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा की जा रही है।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article