मुंबई इंडियन्स और पंजाब किंग्स के बीच बुधवार को हार्दिक पांड्या और अर्शदीप सिंह के ट्रे़ड पर आधिकारिक तौर पर मुहर लग गई। पंजाब किंग्स ने हार्दिक पांड्या को अपनी टीम में 18 करोड़ रुपये की कीमत पर शामिल किया है। पंजाब किंग्स ने हार्दिक को हासिल करने के लिए अपने सबसे धारदार हथियार को मुंबई को सौंप दिया है। ऐसे में आइए जानने की कोशिश करें कि हार्दिक के आने से पंजाब किंग्स को होगा कितना फायदा? क्या उनके टीम में शामिल होने से खत्म हो सकता है पंजाब का खिताबी इंतजार?
अतिरिक्त विदेशी खिलाड़ी को खिलाने की मिलेगी आजादी
पंजाब को सबसे बड़ा फायदा एक बेहतरीन ऑलराउंडर और अनुभवी मैच विनर के रूप में मिल सकता है। पंजाब को एक अनुभवी और घरेलू फास्ट बॉलिंग ऑलराउंडर मिलेगा जो निश्चित तौर पर टीम की गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों को मजबूत करेगा। उनके आने से पंजाब किंग्स की प्लेइंग-11 मजबूत हो जाएगी। टीम की विदेशी ऑलराउंडर पर निर्भरता कम होगी और पंजाब को एक अतिरिक्त विदेशी खिलाड़ी को प्लेइंग 11 में शामिल करने की आजादी मिलेगी। मिडिल ऑर्डर में तेजी से रन बनाने और मुश्किल परिस्थितियों में पारी संभालने का अनुभव भी उनके पास है।
पंजाब किंग्स की पिछले सीजन उजागर हुई कमियां
पिछले सीजन पंजाब किंग्स ने शानदार शुरुआत की। शुरुआती 7 मैच में 6 जीत के साथ उसके 13 अंक थे लेकिन अंत में 14 मैच में उसके खाते में 15 अंक रह गए और श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम प्लेऑफ में पहुंचने में नाकाम रही। लगातार 6 मैच में पंजाब की टीम को हार मिली। टीम की कमजोरियां उजागर हो गईं। गेंदबाजी में टीम का प्रदर्शन खराब रहा और खराब फील्डिंग ने टीम का हाल बेहाल कर दिया। हार्दिक पांड्या जैसा खिलाड़ी पंजाब की टीम को गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों को मजबूत करने का माद्दा रखता है और मुश्किल परिस्थितियों में अकेले दम पर मैच का पासा पलटने का दम भी उनके अंदर है। संभवत: इसी वजह से पंजाब ने हार्दिक पर दांव लगाने का फैसला किया।
लीडरशिप का अनुभव भी आएगा काम
हार्दिक ओपनिंग गेंदबाजी करने के साथ-साथ टीम के लिए फिनिशर की भूमिका अदा कर सकते हैं। उनके पास आईपीएल में कप्तानी का भी शानदार अनुभव है। वो गुजरात टाइटन्स को अपनी कप्तानी में खिताबी जीत दिला चुके हैं। गुजरात उनकी कप्तानी में दो बार फाइनल में पहुंची लेकिन मुंबई इंडियन्स के लिए वो ऐसा कारनामा नहीं कर सके। बावजूद इसके पंजाब ने उनपर दांव लगाया है।
फिटनेस सबसे बड़ा सवाल
दो बार के वर्ल्ड चैंपियन खिलाड़ी हार्दिक आईपीएल 2026 के बाद से लगातार चोट की वजह से मैदान से बाहर रहे हैं। ऐसे में पंजाब के लिए यह जरूरी होगा कि वह उनकी फिटनेस और गेंदबाजी में उपलब्धता को लेकर स्पष्ट योजना बनाए। अगर हार्दिक पूरे सीजन के लिए उपलब्ध नहीं रहते हैं तो पंजाब की परेशानियां बढ़ जाएगी। ऐसे में उनके लिए रिकी पॉन्टिंग एंड कंपनी को अलग से योजना तैयार करनी पड़ेगी। अगर वो बीच सीजन चोटिल हुए तो पंजाब के लिए ट्रेड का दांव उलटा पड़ सकता है।
ऐसा रहा है हार्दिक का आईपीएल करियर
साल 2015 में डेब्यू करने वाले हार्दिक पांडया ने आईपीएल में अबतक खेले 162 मैच में 146.29 के स्ट्राइक रेट से 2,955 रन बनाने के साथ-साथ 33.55 के औसत 82 विकेट अपने नाम किए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 36 रन देकर 5 विकेट रहा है। पिछले दो सीजन में उन्होंने 224 और 206 रन बनाए। वहीं इस दौरान उन्होंने 14 और 4 विकेट लिए। साल 2019 में मुंबई के लिए उन्होंने 191.43 के स्ट्राइक रेट से 402 रन बनाए। वहीं 2022 में 487 रन बनाए जो उनका अबतक का सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजी प्रदर्शन है।